बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
35 शिकायतों पर हुई सुनवाई
कई शिकायतों का मौके पर ही हुआ समाधान
आम लोगों की समस्याओं का तेज, पारदर्शी और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना जनता दरबार का उदेश्य : जिला पदाधिकारी
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। समाहरणालय सभागार में आज जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में जिले भर से आए फरियादियों की 35 शिकायतों की सुनवाई की गई। जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में कई शिकायतों का समाधान तुरंत मौके पर ही कर दिया गया। जिला पदाधिकारी ने आवश्यक मामलों में संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से मौके पर ही फोन पर बात कर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित कराई, जिससे फरियादियों ने संतोष व्यक्त किया। जिन मामलों का समाधान तत्काल नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को भेजते हुए जिलाधिकारी ने नियमानुकूल और समयबद्ध निपटारे का स्पष्ट निर्देश दिया। जनता दरबार में राजस्व, शिक्षा, आपूर्ति, आवास, स्वास्थ्य आदि से जुड़े मामले प्रस्तुत किए गए। जिला पदाधिकारी ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का तेज़, पारदर्शी और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को अनावश्यक विलंब से बचने और प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ निपटान करने का निर्देश दिया। जनता दरबार में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अपर समाहर्ता राजीव कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी मासूम अंसारी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।








