



बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
शिविर में सैकडों लोगों को पहुंचाया गया लाभ
दर्जनों योजनाओं का हुआ शिलान्यास/घोषणा
सरकारी दवाई और सरकारी पढ़ाई पर विश्वास करें : जिलाधिकारी
न्यूज़ डेस्क, जिला पश्चिम चंपारण
मोहन सिंह
– अमिट लेख
बेतिया, (ए.एल.न्यूज़)। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज सुदूरवर्ती ठकराहा प्रखंड अन्तर्गत श्रीनगर पंचायत के उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में ग्रामोदय- विशेष विकास शिविर का आयोजन किया गया।

इस शिविर में सैकड़ों लोगों को विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों से लाभान्वित किया गया। शिविर में 24 विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए थे जहाँ ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित गति से निराकरण किया गया। जिला पदाधिकारी, दिनेश कुमार राय ने विशेष विकास शिविर का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक, बेतिया, डॉ0 शौर्य सुमन, पुलिस अधीक्षक, बगहा, सुशांत कुमार सरोज, उप विकास आयुक्त, सुमित कुमार, अपर समाहर्ता, राजस्व, राजीव कुमार सिंह, अपर समाहर्ता, विभागीय जाँच, कुमार रविन्द्र, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनिल कुमार सिन्हा सहित तमाम जिलास्तरीय, अनुमंडल स्तरीय, प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

शिविर को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि आज से ठीक एक माह और तेरह दिन पूर्व जिला प्रशासन की टीम ने इस क्षेत्र का भ्रमण किया था और आप लोगों से इस क्षेत्र में व्याप्त विभिन्न कठिनाईयों पर चर्चा हुई थी। उस दिन वास्तव में यहाँ श्रीनगर पहुंचने में जो कठिनाई हुई थी, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उसी वक्त मैंने और जिला प्रशासन की टीम ने यह ठाना कि इस क्षेत्र के विकास लिए जो भी बन सकेगा जिला प्रशासन की टीम करेगी। हमने लगातार समीक्षा की और उसका परिणाम है कि हम सभी आज आपके समक्ष फिर से उपस्थित हैं। राज्य सरकार, राज्य के हरेक क्षेत्रे में व्याप्त कठिनाओं को दूर करने के लिए कृत संकल्पित है और उसी क्रम में जिला प्रशासन की पूरी टीम आज आप सबके बीच उपस्थित हुई है। मैं बता दूं कि आज यहाँ राशन कार्ड से वंचित लोगों को कार्ड दिया गया है। साथ ही जो लोग अभी भी छूट गए हैं, उनका नाम दर्ज किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के द्वारा स्वास्थ्य जांच कैम्प लगाया गया है। आप वहां पर अपना स्वास्थ्य जांच करा सकते हैं। जिनको चश्मा की आवश्यकता है, जांच करके उन्हें चश्मा भी दिया जा रहा है। आयुष्मान कार्ड निर्माण का कैम्प लगाया गया है। आप आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। इससे ईलाज में सहायता मिलेगी। मुझे जानकारी मिली कि इस पंचायत में दो महादलित टोला है। डा. भीमराव अम्बेडकर समग्र विकास के तहत विशेष विकास शिविर का आयोजन इस पंचायत में हो चुका है। महादलित वर्ग के समग्र विकास हेतु सामुदायिक भवन का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए भूमि की खोज अंचल अधिकारी द्वारा किया गया है। आज उसका शिलान्यास किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पंचायत के 17 वार्डों में 1102 परिवार हैं। इसमें से 677 परिवारों को जीविका समूह से जोड़ लिया गया है। शेष बचे परिवारों को भी जोडने की प्रक्रिया की जा रही है। बैंक से लिंकेज कराया जा रहा है। बिहार राज्य में शराबबंदी कानून लागू है। जो लोग भी शराब व्यवसाय से जुड़े हुए थे, वे सतत जीविकोपार्जन योजना से जुड़कर अपना आर्थिक विकास कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि उस दिन मैंने बहुत सारे बच्चों को घर पर ही देखा था। मालूम चला कि स्कूल में नामांकन नहीं हुआ है। मैंने अविलम्ब जिला शिक्षा पदाधिकारी को इसके लिए निर्देश दिया था। लगातार नामांकन की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने नामांकन की सतत प्रक्रिया के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केन्द्र सं० 10 का मैंने निरीक्षण किया था। बच्चे उपस्थित थे। किंतु अपना भवन नहीं था। भवन निर्माण के लिए भूमि मिल गया है। इसके अलावे कुल 15 केन्द्रों में से 05 केन्द्रों के लिए भूमि मिल गया है। आगामी दिनों में सभी केन्द्र अपने भवन में संचालित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री 7-निश्चय योजना के तहत पढ़ाई कर रहे वैसे छात्र जिनका डी.आर.सी.सी. में काउंसिलिंग हो चुका हैं, उन्हें आज स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड भी दिया गया है। विद्युत की समस्या बताई गई थी। उसे ध्यान में रखते हुए सोलर स्ट्रीट लाईट से आच्छादित करने का कार्य किया गया है। साथ ही कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बगहा को पोल शिफ्टिंग कराते हुए चार वार्डों में ट्रांसफर्मर के अधिष्ठापन हेतु निदेशित किया गया है। पोल गाड़ने का कार्य कर लिया गया है। शीघ्र ही विद्युतीकरण का कार्य भी सम्पन्न हो जाएगा। जिला पदाधिकारी ने कहा कि इस पंचायत तक पहुंचने का रास्ता काफी दूरूह है। इस पंचायत को सम्पर्कता प्रदान करने के निमित्त विस्तृत एवं सार्थक कार्य योजना तैयार करने हेतु कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल बगहा 2 को निर्देश दिया गया है। इसके अतिरिक्त आप सभी को बताने में काफी हर्ष हो रहा है कि इस विद्यालय से लगभग तीन किलोमीटर की दूरी पर एन.एच का निर्माण प्रस्तावित है, जो वार्ड नं. 15 के निर्मल चौधरी टोला से होकर गुजरेगा। यह सड़क बेतिया के मनुआपुल से प्रारम्भ होकर उत्तर प्रदेश राज्य के सेवरही तक जाएगी। पुल सहित इस रोड की लम्बाई लगभग 30 कि.मी. होगी। स्वच्छ जल के लिए पीएचईडी के द्वारा चापाकल मरम्मति की कार्रवाई की जा रही है। नल-जल अधिष्ठापन के लिए तकनीकी स्वीकृति हेतु विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। इस कार्य को भी तुरंत करा लिया जाएगा। इस पंचायत में पंचायत सरकार भवन का भी निर्माण हो रहा है। उसके निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। अंचल अधिकारी को भूमिहीन लोगों का सर्वेक्षण कराने का निर्देश दिया गया है ताकि अधिक से अधिक आर्हक लोगों का अभियान बसेरा-2 के तहत बंदोबस्ती का पर्चा दिया जा सके। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना अंतर्गत पशु शेड निर्माण, पेभर ब्लॉक अधिष्ठापन इत्यादि योजना से आच्छादन हेतु कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा, ठकराहां प्रखंड को निर्देशित किया गया है। विवाहोत्सव के लिए विवाह भवन निर्माण कराने का निर्देश दिया गया है। साथ बच्चों के पढ़ने के लिए पुस्तकालय निर्माण हेतु भी निर्देश दिया गया है। श्रमिकों के लिए श्रम कार्ड भी बनाने हेतु कैम्प लगाया गया है। जो भी श्रमिक बंधु हैं, वे श्रमिक कार्ड बनवा लें। खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत मल्टीपरपस हॉल का निर्माण कराया जाएगा, जिसमें बच्चों / बच्चियों के लिए बैडमिंटन / वॉलीबॉल इत्यादि खेल की व्यवस्था की जाएगी। जिला पदाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि आप बेहिचक स्टॉल पर जाएं और अपनी समस्या बताएं। संबंधित पदाधिकारी अपने विभाग के नियम के अनुसार आपकी समस्या का निराकरण करेंगे। आपके सर्वांगिण विकास के लिए कार्य किए गए हैं, जो शेष बच गए हैं, उसे भी ससमय पुरा कर लिया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, बेतिया, डॉ0 शौर्य सुमन, पुलिस अधीक्षक, बगहा सुशांत कुमार सरोज, उप विकास आयुक्त, सुमित कुमार, अपर समाहर्ता, राजस्व, राजीव कुमार सिंह, अपर समाहर्ता, विभागीय जाँच, कुमार रविन्द्र, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनिल कुमार सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यपालक अभियंताओं ने संबोधित किया। जिला पदाधिकारी द्वारा विभिन्न लाभुकों को आवास योजना के तहत चाभी, बासगीत पर्चा, राशन कार्ड, ट्राई साईकिल, बीज, चश्मा आदि प्रदान किया गया। गोद भराई की रस्म अदायगी की गई साथ ही अन्न प्रासन्न भी कराया गया। शिविर में लगाये गए विभिन्न स्टालों का जिलाधिकारी ने अवलोकन किया। पुलिस अधीक्षक, बगहा एवं बेतिया के द्वारा बारी-बारी से बेहतर पुलिसिंग की जानकारी आम जन को दी गई। उन्होंने बताया कि नए कानून में आम जन ऑनलाइन एफआईआर दर्ज करा सकते हैं, बशर्ते कि 3 दिनों के अंदर थाना में जाकर साइन करना पड़ेगा। महिलाओं की सहायता हेतु प्रत्येक थाना में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी से संवाद करते हुए कहा गया कि जिला प्रशासन द्वारा श्रीनगर जैसे दुरूह पंचायत में इस प्रकार विशेष विकास शिविर का आयोजन किया गया है, जो काबिलेतारीफ है। बुजुर्गों ने कहा कि पहली बार इस तरह का आयोजन कर लोगों को लाभान्वित किया गया है। इसी तरह अन्य ग्रामीणों ने भी जिला प्रशासन की सराहना करते हुए अपनी मांगों से जिलाधिकारी को अवगत कराया।