प्रादेशिक विशेष ब्यूरो दिवाकर पाण्डेय की रिपोर्ट :
गेट बंद होने के बाद लड़कियां दीवार फांदकर घुसीं, पुलिस ने खदेड़ा
न्यूज डेस्क, राजधानी पटना
दिवाकर पाण्डेय
– अमिट लेख
पटना, (विशेष ब्यूरो)। बिहार में गुरुवार को इंटर परीक्षा शुरू होते ही कई जगहों पर हंगामा हो गया। परीक्षा केंद्रों पर एग्जाम शुरू होने से आधे घंटे पहले गेट बंद कर दिए। इससे छात्र-छात्राएं आगबबूला हो गए।

कई जगहों पर छात्राएं गेट और दीवार फांदकर अंदर घुसती हुई दिखीं। जहानाबाद में एग्जाम से वंचित रहे परीक्षार्थियों ने हंगामा करके हाइवे जाम कर दिया। इसके बाद पुलिस ने लाठी के जरिए विद्यार्थियों को खदेड़ा। जहानाबाद के अलावा, पटना, बिहारशरीफ, खगड़िया में भी कई परीक्षार्थियों के पेपर छूट गए। इंटर एग्जाम के पहले दिन पहली पाली में बायोलॉजी और दर्शन शास्त्र का पेपर आयोजित हुआ। कई शहरों में परीक्षार्थी एग्जाम सेंटर देरी से पहुंचे। केंद्रों के गेट नियमानुसार आधे घंटे पहले ही बंद कर दिए गए। हालांकि, परीक्षार्थियों ने दीवार और गेट फांदकर अंदर घुसने की कोशिश की। इसमें कुछ सफल हो गए और उन्हें पेपर देने का मौका मिल गया। हालांकि, कुछ अंदर पहुंचने में असफल हुए तो बाहर बैठकर रोने लगे और फिर हंगामा कर दिया। जहानाबाद में परीक्षा वंचित छात्राओं ने हंगामा कर दिया और एनएच 110 को जाम कर दिया। परीक्षा केंद्र के पास जाम हटाने के लिए पुलिस ने बल का भी प्रयोग किया। वहीं, छात्राओं ने गौतमबुद्ध परीक्षा केंद्र पर गेट तोड़कर अंदर प्रवेश कर दिया। सुबह 9 बजे परीक्षा केंद्रों पर एंट्री बंद करने से 50 से अधिक छात्राएं परीक्षा से वंचित रह गईं। बिहारशरीफ के कई केंद्रों पर भी यही नजारा देखने को मिला। आधा घंटे पहले से परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश बंद करने के कारण दर्जनों छात्र-छात्राओं ने बाउंड्री या गेट फांदकर अंदर प्रवेश किया। अंदर पहुंचे परीक्षार्थियों को एग्जाम में बैठने का मौका मिल गया। खगड़िया जिले के 23 केंद्रों पर गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में परीक्षा शुरू हुई। गेट पर परीक्षार्थियों को कड़ी जांच बाद इंट्री दी गई। परीक्षार्थियों की गेट मेटल डिटेक्टर से भी जांच की गई। कई केंद्रों पर गेट बंद होने पर परीक्षार्थी पहुंचे। जिस पर संत परीक्षा केन्द्र पर स्टूडेंट्स अंदर जाने के लिए गेट पर थोड़ी देर हंगामा भी किया। वहीं कई स्टूडेंट्स दूसरे केंद्र पर पहुंच गए थे, जहां से सही केंद्र पर दौड़े- दौड़े भागे।








