AMIT LEKH

Post: महाशिवरात्रि : शिव मंदिर औसानी में 24 घंटे अष्टयाम का भव्य आयोजन

महाशिवरात्रि : शिव मंदिर औसानी में 24 घंटे अष्टयाम का भव्य आयोजन

बगहा ग्रामीण से सवंददाता की रिपोर्ट :

कार्यक्रम की शुरुआत 108 कुंवारी कन्याओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुई

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

बगहा, (जगमोहन काजी)। बगहा दो प्रखंड अंतर्गत औसानी गांव स्थित शिव-पार्वती मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 24 घंटे के अष्टयाम का भव्य आयोजन किया गया है। इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे गांव में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है। कार्यक्रम की शुरुआत 108 कुंवारी कन्याओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुई। मंगलपुर दुर्गा स्थान के समीप गंडक नदी तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कन्याओं ने पवित्र जल से कलश भरा और सिर पर कलश धारण कर मंदिर तक शोभायात्रा निकाली। कलश यात्रा के दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालु महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया है। अष्टयाम के तहत 24 घंटे तक अखंड राम-नाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जा रहा है। पुजारियों द्वारा विधि-विधान से भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा की गई। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रसाद वितरण और भंडारे की भी व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम के सफल संचालन में ग्रामीणों और युवाओं का सराहनीय योगदान रहा। श्रद्धालुओं में गहरा उत्साह और आस्था देखने को मिल रही है।

Leave a Reply

Recent Post