AMIT LEKH

Post: जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता : जिला पदाधिकारी

जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता : जिला पदाधिकारी

बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :

प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम अंतर्गत योजनाओं का लाभ अब सीधे जनता तक

सरकार की योजनाओं का लाभ हर घर तक पहुंचाना है लक्ष्य

“प्रशासन आपके द्वार” से आसान होगा आमजन का जीवन

28 विभागों के स्टॉल पर सैकड़ों मामलों का हुआ ऑन-द-स्पॉट समाधान

बगहा-01 प्रखंड कार्यालय परिसर में “प्रशासन आपके द्वार” कार्यक्रम का भव्य एवं सफल आयोजन संपन्न 

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। जिला प्रशासन, पश्चिम चम्पारण के तत्वावधान में बगहा-01 प्रखंड कार्यालय परिसर में गुरुवार को “प्रशासन आपके द्वार” कार्यक्रम का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया।

फोटो : मोहन सिंह

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ सीधे आमजन तक पहुँचाना है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के 28 स्टॉल लगाए गए, जिनमें सामाजिक सुरक्षा, पशुपालन, स्वास्थ्य, आपूर्ति, समाज कल्याण, शिक्षा, कृषि, पंचायती राज, आरटीपीएस, राजस्व, जीविका, आईसीडीएस, सहकारिता, श्रम संसाधन, अल्पसंख्यक कल्याण, डीआरसीसी, विद्युत और उद्योग विभाग सहित अन्य विभाग शामिल रहें।

कार्यक्रम में 250 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें से कई आवेदनों का निष्पादन ऑन द स्पॉट किया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभाग को अग्रसारित किया गया। जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीणों को त्वरित राहत मिली और योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त हुई। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लाभुकों से सीधे संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का फीडबैक भी लिया। इसके साथ ही ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को सीधे सुनते हुए उनके त्वरित समाधान के लिए अधीनस्थ पदाधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा दिव्यांगजनों को बैट्री चालित ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। वहीं आईसीडीएस स्टॉल पर एक बच्चे का अन्नप्राशन भी कराया गया। डीआरसीसी स्टॉल के माध्यम से दो युवाओं को स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड प्रदान कर उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया गया। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि “प्रशासन आपके द्वार” कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि लोगों की समस्याओं को मौके पर ही सुनकर उनका समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की सात निश्चय-3 योजना के तहत आमजन का जीवन आसान बनाने के लिए कई पहल की गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को सभी सरकारी कार्यालयों में पदाधिकारी और कर्मी आमजन से मिलने के लिए उपलब्ध रहेंगे, ताकि लोग अपनी समस्याओं को सीधे अधिकारियों तक पहुँचा सकें और उनका त्वरित समाधान हो सके। यदि किसी स्तर पर समस्या का समाधान नहीं होता है तो लोग जिला स्तर के अधिकारियों से भी संपर्क कर सकते हैं।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने कहा कि सात निश्चय-3 के अंतर्गत शुरू की गई यह पहल प्रशासन और जनता के बीच दूरी कम करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना का लाभ लेने में यदि किसी प्रकार की कठिनाई हो तो लोग यहां लगे विभागीय स्टॉल की सहायता ले सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गैस आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है, क्योंकि जिले में घरेलू गैस की पर्याप्त आपूर्ति हो रही है। साथ ही किसानों से अपील की कि वे अपने किसान आईडी, जमाबंदी और आधार कार्ड के साथ एफआर कैंप में पहुंचकर केवाईसी अवश्य करा लें, ताकि भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कोई परेशानी न हो। इस अवसर पर अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, निदेशक डीआरडीए अरूण प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी बगहा श्रीमती चांदनी कुमारी, जिला गोपनीय शाखा के विशेष कार्य पदाधिकारी सुजीत कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सौरभ आलोक, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी अब्दुल राशीद अंसारी, जिला कृषि पदाधिकारी रविन्द्र कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी राकेश कुमार, डीपीओ आईसीडीएस श्रीमती कविता रानी, डीपीएम जीविका आर.के. निखिल सहित कई जिलास्तरीय, प्रखंडस्तरीय एवं पंचायतस्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Recent Post