छपरा से हमारे प्रमंडलीय ब्यूरो का संकलन :
स्वास्थ्य कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण, छूटे लाभार्थियों तक दवा पहुंचाने के निर्देश
आईआरएस व एमडीए मॉप-अप राउंड की तैयारी को लेकर बैठक व प्रशिक्षण आयोजित
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
एकमा, (संवाददाता)। जिले के एकमा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एएनएम व आशा फैसिलिटेटर के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आगामी आईआरएस राउंड व एमडीए मॉप-अप राउंड के सफल संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों को अभियान के दौरान सभी लाभार्थियों को दवा का सेवन सुनिश्चित कराने तथा जो लाभार्थी पूर्व में छूट गए हैं, उनके घर तक पहुंच बनाकर दवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक के बाद आईआरएस टीम के सदस्यों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में टीम को आईआरएस गतिविधियों के संचालन, सुरक्षा मानकों तथा फील्ड में कार्य करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि अभियान के दौरान कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके। इसके बाद ब्लॉक लेवल टास्क फोर्स (बीएलटीएफ) की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, बीसीएम, वीबीडीएस के साथ यूनिसेफ और डब्ल्यूएचओ के मॉनिटर मौजूद रहे। बैठक के दौरान विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि एमडीए मॉप-अप राउंड के दौरान कोई भी गांव या टोला दवा सेवन से वंचित न रह जाए। प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक वाहीद अख्तर ने बताया कि दोपहर बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लहलादपुर में आईआरएस स्क्वाड का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, वीबीडीएस, गांधी फेलो और बीएमएनईओ मौजूद रहे। इस दौरान आईआरएस टीम को फील्ड में कार्य करने की तकनीकी जानकारी देने के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा सभी पात्र लाभार्थियों तक दवा पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।








