बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन अलर्ट
LPG आपूर्ति को लेकर विशेष प्रबंधन
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चम्पारण जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में आज समाहरणालय सभागार में एक महत्वपूर्ण प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी साझा की गई। प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि जिले में Hindustan Petroleum Corporation Limited (HPCL), Bharat Petroleum Corporation Limited (BPCL) तथा Indian Oil Corporation (IOC) के कुल 9,57,642 एलपीजी उपभोक्ता हैं। इनमें से वर्तमान समय में 58,928 उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग लंबित है, जो आपूर्ति की तुलना में अधिक मांग को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि जिले में प्रतिदिन औसतन 13,996 गैस सिलेंडरों की खपत हो रही है, जबकि दिन की शुरुआत में 17,469 सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध था। प्रशासन ने उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम भी सक्रिय किया है। गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए उपभोक्ता 06254-247002 एवं 06254-247003 पर संपर्क कर सकते हैं। 12 मार्च से अब तक 254 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिन पर त्वरित कार्रवाई की गई है। गैस वितरण के दौरान संभावित भीड़भाड़ और कानून-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन ने जिले के विभिन्न अनुमंडलों में कई गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारियों और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की है। बगहा अनुमंडल के रूबी गैस एजेंसी, गुंजन गैस एजेंसी, बाबा भोलेश्वर गैस एजेंसी, चौतरवा इंडेन गैस एजेंसी, महुई गैस एजेंसी एवं सौम्या गैस एजेंसी हरिनगर में प्रशासनिक तैनाती की गई है। नरकटियागंज अनुमंडल अंतर्गत रामाकांत इंडेन गैस एजेंसी, सम्राट एचवी गैस एजेंसी (शिकारपुर), श्रेया इंडेन गैस एजेंसी (लौरिया), उज्जवल भारत गैस एजेंसी (बहुअरवा), देव एचपी गैस एजेंसी (मैनाटांड़) एवं सरस्वती भारत गैस एजेंसी (गौनाहा) में भी पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं बेतिया सदर अनुमंडल में प्रज्ञा गैस एजेंसी, नीरज गैस एजेंसी, नूतन गैस एजेंसी, राधिका गैस एजेंसी, मा श्रद्धा गैस एजेंसी, निलांजन इंडेन गैस एजेंसी (योगापट्टी), मां गायत्री एचपी गैस एजेंसी (योगापट्टी), जगदीशपुर ग्रामीण वितरण, शिवम एचपी गैस एजेंसी (चनपटिया) एवं प्रेमजीत बैठा गैस एजेंसी (बैरिया) पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जिला सूचना एवं जनसम्पर्क पदाधिकारी राकेश कुमार सहित संबंधित गैस एजेंसियों के संचालक भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की स्थिति में कंट्रोल रूम से संपर्क करें।








