बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
पश्चिम चंपारण में शराब माफियाओं पर बड़ा प्रहार, 3300 किलो जावा गुड़ और 280 लीटर अवैध शराब नष्ट
ड्रोन और स्निफर डॉग की मदद से कई थाना क्षेत्रों में छापेमारी, 9 अभियुक्त गिरफ्तार, अवैध कारोबारियों में हड़कंप
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए उत्पाद विभाग लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 11 जून 26 को उत्पाद विभाग की टीम द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान अधिकारियों ने शराब माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3300 किलोग्राम जावा गुड़ तथा 280 लीटर अवैध चुलाई शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया।

उक्त जानकारी देते हुए उत्पाद अधीक्षक सीमा चौरसिया ने बताया कि उत्पाद विभाग की टीम ने ड्रोन और स्निफर डॉग की सहायता से पिपरासी, अमवा मझार, नौरंगिया और मदनपुर जंगल सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त भारी मात्रा में सामग्री बरामद की गई, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं, गुप्त सूचना के आधार पर धनहा थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के क्रम में उसके बैग और वाहन की डिक्की से 18 लीटर अवैध देशी शराब बरामद हुई। दूसरी ओर पिपरासी थाना क्षेत्र में भी एक व्यक्ति के ठिकाने से 4 लीटर अवैध देशी शराब जब्त की गई। उत्पाद विभाग की लगातार कार्रवाई के तहत बेतिया, नरकटियागंज, बगहा एवं रामनगर अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों से शराबबंदी कानून के उल्लंघन के आरोप में कुल 9 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद एवं मद्य निषेध अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस बड़ी कार्रवाई से शराब तस्करों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त अभियान जारी रहेगा।








