AMIT LEKH

Post: भव्य कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का शुभारंभ

भव्य कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का शुभारंभ

छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन : 

महायज्ञ के प्रथम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाओं एवं कन्याओं ने हाथ और सिर पर कलश धारण कर प्रसिद्ध बाबा महेंद्रनाथ मंदिर मेहंदार की परिक्रमा की तथा मेहंदार की पावन भूमि का भ्रमण किया

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख
सिसवन/सीवान, (संवाददाता)। सिसवन प्रखंड क्षेत्र के मेहंदार कमलदाह सरोवर के पूर्वी भिंडा स्थित श्री विष्णु मंदिर परिसर में मंगलवार को भव्य कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का शुभारंभ हुआ।

फोटो : संवाददाता

महायज्ञ के प्रथम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाओं एवं कन्याओं ने हाथ और सिर पर कलश धारण कर प्रसिद्ध बाबा महेंद्रनाथ मंदिर मेहंदार की परिक्रमा की तथा मेहंदार की पावन भूमि का भ्रमण किया।

कलश यात्रा में शामिल महिलाएं, श्रद्धालु और आमजन

वैदिक मंत्रोच्चारण एवं जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। कलश यात्रा श्री विष्णु मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए पवित्र कमलदाह सरोवर पहुंची, जहां वैदिक विधि-विधान के साथ जल भरकर कलश स्थापित किए गए।

इसके बाद यज्ञ मंडप में पूजा-अर्चना एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के साथ महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया। महायज्ञ के व्यवस्थापक एवं श्री विष्णु मंदिर के महंत शिवपूजन जी महाराज, यजमान प्रो. जगदीश तिवारी, यज्ञाचार्य पंडित अजीत कुमार मिश्र, आचार्य आशुतोष कुमार पांडेय, पंडित आदित्य पाठक, पंडित संजीत कुमार मिश्र, अनमोल कुमार मिश्र आदि ने बताया कि नौ दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन वेदपाठ, हवन, प्रवचन, भजन-कीर्तन एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।

छाया : अमिट लेख

वहीं प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का वाचन कथा व्यास श्री शिवपूजन जी महाराज द्वारा किया जाएगा। यज्ञाचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि इस महायज्ञ से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि तथा आध्यात्मिक चेतना का संचार होगा।

छाया : अमिट लेख

आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुदामा तिवारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए फ्रकाश, पंडाल, पेयजल, प्रसाद वितरण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

कलश यात्रा में महंत श्री शिवपूजन जी महाराज, सुदामा तिवारी, कमलेश कुमार सिंह, प्रो. जगदीश तिवारी, टुनटुन गिरि, भुवनेश्वर महतो, पशुपति गिरि, सूर्यनंदन शाही, मंजीत कुमार तिवारी, कमल कुमार सिंह सेंगर, विमलेश कुमार सिंह, रमेश गिरि, गुराजी महतो, अनिरुद्ध यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आसपास के गांवों से आए महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल थे। बहरहाल, महायज्ञ के शुभारंभ के साथ ही पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण व्याप्त है। वहीं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

प्रेस-विज्ञप्ति : 
के. के. सिंह सेंगर
मीडिया प्रभारी, श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ आयोजन समिति, पूरब भिंडा मेंहदार, सिसवन (सीवान), बिहार।
मोबाइल/व्हाट्सएप : 9060020151

Leave a Reply

Recent Post