छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन :
कृषि समन्वयक राजेश कुमार ने आधुनिक कृषि तकनीकों पर प्रकाश डालते हुए किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
एकमा, (संवाददाता)। प्रखंड मुख्यालय स्थित ई किसान भवन सभागार में मंगलवार को शारदीय (खरीफ) महोत्सव एवं प्रशिक्षण अभियान का शुभारंभ आत्मा अध्यक्ष उमेश कुमार सिंह ने किया।

कार्यक्रम में उपस्थित किसानों का स्वागत जीवंत पौधा भेंट कर किया गया। प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने किसानों को खरीफ मौसम की विभिन्न फसलों की उन्नत खेती, उत्पादन बढ़ाने के उपाय तथा कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। वहीं कृषि समन्वयक राजेश कुमार ने आधुनिक कृषि तकनीकों पर प्रकाश डालते हुए किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में रासायनिक खेती के बढ़ते दुष्प्रभावों पर भी चर्चा हुई।
किसानों को बताया गया कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरता, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। इसके विकल्प के रूप में जैविक एवं संतुलित खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। आत्मा सारण के उप परियोजना निदेशक ने फसल चक्र और दलहनी फसलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कृषि उत्पादन बढ़ाने तथा भूमि की उर्वरता बनाए रखने में उनकी भूमिका बताई। इस कार्यक्रम में प्रखंड तकनीकी प्रबंधक राजकुमार चौरसिया, सहायक तकनीकी प्रबंधक जितेंद्र कुमार, मोहम्मद जमालुद्दीन अंसारी, राजेंद्र मौर्य, कृषि समन्वयक प्रभात मिश्रा, किसान सलाहकार अरुण कुमार सिंह, हरेराम पंडित, कामेश्वर मांझी, विकास कुमार सिंह, कार्यपालक सहायक मो. नसीम सहित कृषि विभाग के सभी कर्मी, आसपास के ग्रामीण किसान एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।








