बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
जिलाधिकारी ने सहयोग शिविर का किया निरीक्षण, तत्पश्चात लाभुकों को वितरित किए प्रमाण पत्र
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चम्पारण जिले में आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ सहज एवं सुलभ रूप से उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आज जिले के चयनित पंचायतों में तीसरे चरण का सहयोग शिविर आयोजित किया गया।

इसके साथ ही 16, 17 एवं 18 जून 2026 तक सभी प्रखंड मुख्यालयों पर प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा सभी जिलास्तरीय, अनुमंडलस्तरीय एवं प्रखंडस्तरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि शिविरों का संचालन प्रभावी ढंग से हो सके और आम नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
इसी क्रम में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने लौरिया प्रखंड मुख्यालय में आयोजित प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का उद्घाटन किया। उद्घाटन के उपरांत उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों का निरीक्षण किया और वहां उपस्थित आवेदकों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक आवेदक की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी स्पष्ट रूप से दी जाए। लौरिया के बाद जिला पदाधिकारी रामनगर प्रखंड अंतर्गत गुदगुदी पंचायत में संचालित सहयोग शिविर पहुंचे। वहां उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया, विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण किया तथा लाभुकों से संवाद स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई लाभुकों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र एवं मनरेगा जॉब कार्ड भी वितरित किए।
जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे। सहयोग शिविर और प्रखंड जन कल्याण शिविर इसी उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े और उनकी समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें तथा आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार करें। शिविरों में राजस्व, पंचायती राज, सामाजिक सुरक्षा, मनरेगा, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, कृषि, आधार, जन्म-मृत्यु निबंधन, राशन कार्ड, पेंशन, आवास योजना सहित विभिन्न विभागों के काउंटर लगाए गए, जहां लोगों ने आवेदन दिए और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा सुजीत कुमार, संबंधित प्रखंडों के वरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।








