छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन :
पैसेंजर ट्रेन में बेहोश मिले किशोर की हुई पहचान, इलाज के बाद रेलवे पुलिस ने चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंपा
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख, संवाददाता
एकमा, (सारण)। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के छपरा-सीवम – भटनी रेलखंड पर संचालित होने वाली छपरा कचहरी–मऊ पैसेंजर ट्रेन में बेहोशी की हालत में तीन दिन पूर्व सोमवार की शाम मिले किशोर की पहचान आखिरकार हो गई है। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त पहल तथा चिकित्सकीय देखरेख के बाद किशोर के होश में आने पर उसकी पहचान गोपालगंज जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र के सिधवलिया गांव निवासी सत्येंद्र कुमार साह के पुत्र सुजीत कुमार (17) के रूप में हुई। बाद में उसे चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंप दिया गया।
एकमा रेलवे स्टेशन पर तैनात आरपीएफ के कांस्टेबल बृजेश कुमार यादव ने बताया कि तीन दिन पूर्व सोमवार की शाम छपरा से मऊ जा रही ट्रेन संख्या 55101 छपरा कचहरी–मऊ पैसेंजर में एक किशोर अचेत अवस्था में पाया गया था। रेलवे कंट्रोल से सूचना मिलने के बाद एकमा रेलवे स्टेशन पर तैनात आरपीएफ एवं जीआरपी की टीम ने तत्परता दिखाते हुए किशोर को ट्रेन से उतारकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एकमा पहुंचाया था। रेलवे पुलिस के अनुसार शाम करीब 5:13 बजे किशोर को एकमा स्टेशन पर उतारा गया। उस समय वह तेज बुखार और बेहोशी की स्थिति में था। आरपीएफ कांस्टेबल वृजेश कुमार यादव, वकील प्रसाद तथा जीआरपी कांस्टेबल ललन कुमार ने संयुक्त रूप से उसे सुरक्षित एकमा सीएचसी पहुंचाया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. आयुष्मान कुमार ने उसका इलाज शुरू किया। चिकित्सक के अनुसार किशोर तेज बुखार से पीड़ित था और अचेत अवस्था में था। लगातार उपचार और निगरानी के बाद उसकी स्थिति में सुधार हुआ तथा अगले दिन उसे पूरी तरह होश आ गया। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान वह अपनी पहचान स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था, जिसके कारण उसकी पहचान स्थापित करने में कठिनाई हो रही थी। बाद में उपलब्ध मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान गोपालगंज जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र के सिधवलिया गांव निवासी सत्येंद्र कुमार साह के पुत्र सुजीत कुमार (17) के रूप में की। पहचान सुनिश्चित होने के बाद रेलवे पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए किशोर को चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द कर दिया तथा उसके परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई।
रेलवे पुलिस, एकमा पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई से उक्त किशोर को समय पर उपचार और सुरक्षा मिल सकी। अधिकारियों ने बताया कि किशोर की हालत अब सामान्य है और आगे की आवश्यक कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।








