छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन :
लाठी-डंडे से सात घायल, बेहतर उपचार के लिए तीन सदर अस्पताल रेफर
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
एकमा, (सारण)। जिले के एकमा पुलिस अंचल के दाउदपुर थाना क्षेत्र के जैतपुर गांव में मोहर्रम के ताजिया निर्माण स्थल के समीप दो बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।

घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। गांव में ताजिया का निर्माण किया जा रहा था, जिसके लिए जनरेटर चलाकर प्रकाश की व्यवस्था की गई थी। इसी दौरान दो बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के परिजन भी विवाद में शामिल हो गए और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों एवं अन्य हथियारों से हमला कर दूसरे पक्ष के सात लोगों को घायल कर दिया। घायलों में जैतपुर गांव निवासी खुर्शीद आलम (40), अफरोज अली (20), रिजवान अली (22), सकीना खातून (50), सायरा खातून (70), मुन्नी खातून (45) तथा मेंहदी हसन (40) शामिल हैं। घटना के बाद सभी घायलों को परिजनों द्वारा एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. विवेक कुमार प्रसाद ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों में तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, छपरा रेफर कर दिया गया। पीड़ित पक्ष ने नामजद आरोपियों के विरुद्ध दाउदपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।








