AMIT LEKH

Post: जनभागीदारी से होगा गांवों का समग्र विकास

जनभागीदारी से होगा गांवों का समग्र विकास

बेतिया से उप-संपादक का चश्मा : 

महिला हितैषी पंचायत से सशक्त होगा ग्रामीण विकास

पंचायत दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए माननीय मंत्री

प्रभारी मंत्री ने किया पौधारोपण, ‘मन की बात’ का हुआ सामूहिक श्रवण

पंचायत विकास दिवस पर ग्राम स्वराज को मिली नई मजबूती

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चम्पारण जिले में आज पंचायत विकास दिवस उत्साह एवं जनभागीदारी के साथ मनाया गया। जिले के मुख्य कार्यक्रम का आयोजन मझौलिया प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अमवा मझार में किया गया,

फोटो : मोहन सिंह 

जिसमें पश्चिम चम्पारण के माननीय प्रभारी मंत्री सह बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के माननीय मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, जीविका दीदियों, आशा कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।

छाया : अमिट लेख

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री  लखेंद्र कुमार रौशन ने पंचायत सरकार भवन परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर माननीय पूर्व विधायक चनपटिया, जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी बेतिया, विशेष कार्य पदाधिकारी, मुखिया, सरपंच, पंचायत स्तरीय जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने को साकार करने का सबसे प्रभावी माध्यम ग्राम पंचायतें हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के 73वें संशोधन ने पंचायतों को संवैधानिक अधिकार और जिम्मेदारियां प्रदान कर ग्रामीण विकास को नई दिशा दी है। आज ग्राम पंचायतें केवल योजनाओं के क्रियान्वयन की इकाई नहीं, बल्कि लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास की रोशनी गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए पंचायतों में पारदर्शिता, जनभागीदारी और जवाबदेही को लगातार मजबूत किया जा रहा है। पंचायत विकास दिवस इसी सोच का परिणाम है, जहां ग्रामीण स्वयं अपनी आवश्यकताओं, समस्याओं और विकास योजनाओं पर खुलकर चर्चा करते हैं तथा उनके समाधान की दिशा तय करते हैं। उन्होंने कहा कि जून माह का विषय “महिला हितैषी पंचायत” अत्यंत महत्वपूर्ण है। समाज और गांव के समग्र विकास में महिलाओं की भागीदारी जितनी मजबूत होगी, विकास उतना ही स्थायी और प्रभावी होगा। सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है और इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाना पंचायत प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से सुना। इस अवसर पर महिला उद्यमी हीना गुलशन अनवरी ने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना से प्राप्त सहायता और उससे अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलाव का अनुभव साझा किया। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।कार्यक्रम में ई-ग्राम स्वराज पोर्टल, ई-पंचायत एवं अन्य ऑनलाइन पोर्टलों के माध्यम से पंचायतों में संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों को ग्राम पंचायत की आय, विभिन्न स्रोतों से प्राप्त राशि, विकास कार्यों पर हुए व्यय तथा शेष राशि की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई। पंचायत की आय बढ़ाने के उपायों एवं आगामी माह में शुरू होने वाली विकास योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पंचायत विकास दिवस के दौरान ग्रामीणों से विकास संबंधी सुझाव एवं आकांक्षाएं प्राप्त की गईं। इन सुझावों की सूची तैयार कर निश्चय पोर्टल पर अपलोड की जा रही है, ताकि संबंधित विभागों के माध्यम से उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। कार्यक्रम में बताया गया कि ग्राम पंचायतें वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) की प्राप्ति के लिए संकल्पबद्ध हैं। इन लक्ष्यों को नौ प्रमुख विषयों के माध्यम से पंचायत स्तर पर लागू किया जा रहा है। इसमें महिलाओं का सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आजीविका संवर्धन और सामाजिक समावेशन जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पंचायत विकास दिवस के अवसर पर पश्चिम चम्पारण जिले की सभी 303 ग्राम पंचायतों में पंचायत सरकार भवन, पंचायत भवन, विद्यालय एवं सामुदायिक भवनों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए ग्राम स्वराज की अवधारणा को सशक्त बनाने तथा सतत एवं समावेशी ग्रामीण विकास को गति देने का संकल्प दोहराया गया।

Leave a Reply

Recent Post