पटना से हमारे विशेष ब्यूरो की रिपोर्ट :
दीदारगंज थाना क्षेत्र के करमलीचक स्थित महुली रोड में रविवार देर रात खाद्य तेल के एक बड़े गोदाम में भीषण आग लग गई।, जिसमें 50 लाख से अधिक का नुकसान
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। राजधानी पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र के करमलीचक स्थित महुली रोड में रविवार देर रात खाद्य तेल के एक बड़े गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में रखे डालडा, रिफाइंड और सरसों तेल के ड्रमों में आग लगने से भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है, जो 50 लाख रुपये से अधिक हो सकता है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पटना के विभिन्न फायर स्टेशनों से करीब 22 दमकल वाहन पहुंचाए गए। आग बुझाने का कार्य पूरी रात जारी रहा, लेकिन सुबह तक भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। पटना सिटी फायर स्टेशन के अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि तेल में लगी आग को बुझाने के लिए फोम कंपाउंड का भी उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजधानी के सभी फायर स्टेशनों से दमकल बुलाए गए हैं, ताकि आग पर जल्द काबू पाया जा सके। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि आग पूरी तरह बुझने के बाद की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, घटना की विस्तृत जांच की जाएगी। गोदाम के पास स्थित ब्रेड फैक्ट्री को समय रहते सुरक्षित कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पूरा इलाका वेयरहाउस क्षेत्र होने के कारण किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग में जले तेल के फैलने से आसपास के रास्तों पर फिसलन की स्थिति बन गई है।








