छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन :
सुजीत कुमार दास ने अपने कार्यकाल में प्रशासन, शिक्षक और समुदाय के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की नई कार्यसंस्कृति विकसित की
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
मुजफ्फरपुर, (ए. सं.)। बिहार शिक्षा परियोजना, मुजफ्फरपुर में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान) के रूप में अपने सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल के उपरांत सुजीत कुमार दास का स्थानांतरण सीतामढ़ी जिले में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के पद पर हुआ है। इस अवसर पर जिला तकनीकी टीम, दीक्षा मुजफ्फरपुर एवं जिले के शिक्षकों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके नेतृत्व, समर्पण एवं शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान को नमन किया। सुजीत कुमार दास ने अपने कार्यकाल में प्रशासन, शिक्षक और समुदाय के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की नई कार्यसंस्कृति विकसित की। उन्होंने शिक्षकों को केवल निर्देशित नहीं किया, बल्कि प्रत्येक योजना में सहभागी बनकर प्रेरित किया। नियमित अनुश्रवण, तकनीकी सहयोग, नवाचारों को प्रोत्साहन तथा योजनाओं की सतत मॉनिटरिंग उनकी कार्यशैली की विशेष पहचान रही। उनके नेतृत्व में मुजफ्फरपुर ने अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां अर्जित कीं। इंस्पायर अवार्ड 2025 में विद्यार्थियों के वैज्ञानिक एवं नवाचारी विचारों का सिनॉप्सिस अपलोड कराने में जिला देश में प्रथम स्थान पर रहा। प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग आधारित माइक्रो इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट का सभी विद्यालयों में शत प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया, जिससे गतिविधि आधारित शिक्षण को नई दिशा मिली। टीएलएम मेला 2026 तथा एनएमएमएस परीक्षा में जिले ने राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार गणतंत्र दिवस 2025 एवं 2026 की राज्य स्तरीय झांकी प्रतियोगिता में शिक्षा विभाग ने लगातार दो वर्षों तक प्रथम स्थान प्राप्त किया। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान आयोजित अधिकतम जनभागीदारी के साथ मतदाता जागरूकता शपथ कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ। क्षमता निर्माण के क्षेत्र में जिला सशक्तिकरण कार्यक्रम 2024-25 (कोर्स श्रेणी) एवं 2025-26 (एमआईपी श्रेणी) में मुजफ्फरपुर ने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी 2026 में जिला द्वितीय स्थान तथा एसएलडी कोर्स 2025-26 में प्रथम स्थान पर रहा। विकसित भारत बिल्डाथॉन 2025 एवं रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता 2024 में भी जिले ने राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। डिजिटल शिक्षा प्रबंधन के क्षेत्र में यूडाइस पोर्टल पर छात्र प्रोफाइल एवं नामांकन डाटा प्रविष्टि में वर्ष 2025-26 में 102 प्रतिशत तथा 2026-27 में 101 प्रतिशत उपलब्धि के साथ मुजफ्फरपुर ने बिहार में प्रथम स्थान हासिल किया। यह सफलता शिक्षकों की प्रतिबद्धता और प्रभावी नेतृत्व का परिणाम रही। इन सभी उपलब्धियों के पीछे श्री सुजीत कुमार दास का दूरदर्शी नेतृत्व, शिक्षकों पर विश्वास, सतत प्रेरणा, नियमित अनुश्रवण एवं टीम भावना प्रमुख आधार रही। उन्होंने जिला तकनीकी टीम, प्रखंड एवं संकुल स्तर के पदाधिकारियों, प्रधानाध्यापकों और हजारों शिक्षकों को एक टीम के रूप में जोड़कर कार्य किया तथा यह सिद्ध किया कि सकारात्मक नेतृत्व से असंभव लक्ष्य भी प्राप्त किए जा सकते हैं। विदाई समारोह में जिला तकनीकी टीम, दीक्षा के सदस्य केशव कुमार, कुमार अभिषेक, अभिषेक कुमार, अमितेश कुमार, पप्पू कुमार पंकज, मोहम्मद शोएब, इम्तियाज अहमद, नीरज कुमार, शुभम कुमार एवं शुभी श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से कहा कि श्री सुजीत कुमार दास ने केवल योजनाओं का सफल क्रियान्वयन ही नहीं कराया, बल्कि जिले में नवाचार, सहयोग, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की ऐसी कार्यसंस्कृति विकसित की जो आने वाले वर्षों तक शिक्षकों को प्रेरित करती रहेगी।








