बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा 3.50 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के पेंशनधारियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई गयी धनराशि
समाहरणालय सभागार में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। समाहरणालय सभागार, बेतिया में आज समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से ₹1,100 की मासिक पेंशन राशि हस्तांतरित की। राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक माह की 10 तारीख को पेंशन राशि लाभार्थियों के खातों में भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, वरीय उप समाहर्ता-सह-सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग विकास कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थी उपस्थित रहे। इस अवसर पर पश्चिम चम्पारण जिले के 3,50,372 सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से ₹50,01,41,700 की पेंशन राशि हस्तांतरित की गई। इससे जिले के वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं विधवा महिलाओं को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ाकर ₹1,100 प्रतिमाह किए जाने तथा प्रत्येक माह की 10 तारीख को डीबीटी के माध्यम से समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने का निर्णय समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जनकल्याणकारी पहल है। उन्होंने कहा कि वृद्धजन, दिव्यांगजन एवं विधवा महिलाओं के लिए यह राशि न केवल आर्थिक संबल प्रदान करेगी, बल्कि उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन-यापन में भी सहायता मिलेगी। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं सरकार की संवेदनशील एवं समावेशी सोच का प्रतीक हैं। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि जिले के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ समय पर प्राप्त हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभार्थियों के भुगतान की नियमित निगरानी करें तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लाभार्थियों ने सरकार द्वारा पेंशन राशि में वृद्धि तथा समयबद्ध भुगतान की व्यवस्था के लिए प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे गरीब, वृद्ध, दिव्यांग एवं निराश्रित महिलाओं के हित में एक ऐतिहासिक और सराहनीय निर्णय बताया। कार्यक्रम का समापन लाभार्थियों एवं अधिकारियों द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।








