बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की कथित लापरवाही के कारण नवजात की जान गई
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट
बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चंपारण के बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात की मौत के बाद शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ।

आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ करते हुए डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया। घटना से अस्पताल में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित रहीं।
जानकारी के अनुसार, चौतरवा थाना क्षेत्र निवासी रितेश राम अपनी गर्भवती पत्नी को प्रसव के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे थे। प्रसव के दौरान मृत नवजात का जन्म हुआ। बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही परिजन भड़क उठे और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रसव कक्ष के बाहर तोड़फोड़ शुरू कर दी।
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की कथित लापरवाही के कारण नवजात की जान गई। वहीं अस्पताल के चिकित्सकों ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि बच्चा मृत अवस्था में ही पैदा हुआ था और उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








