



घटना मंगलवार की आधी रात की बाद की बतायी गई है, जहां नाबालिग एक लड़का और लड़की की जघन्य हत्या कर शवों को जलाया जा रहा था, मामला प्रेम प्रसंग का बताया गया है
✍ दिवाकर पाण्डेय/श्यामबाबू सिंह
– अमिट लेख
मोतिहारी/सुगौली, (पूर्वी चम्पारण)। पूर्वी चम्पारण जिला के सुगौली में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार की आधी रात की बाद की बतायी गई है। जहां नाबालिग एक लड़का और लड़की की जघन्य हत्या कर शवों को जलाया जा रहा था। मामला प्रेम प्रसंग का बताया गया है। मृतक सुगौली थाना क्षेत्र के डुमरी गांव के वार्ड 3 का निवासी बिजुल सहनी का पुत्र मुस्कान कुमार बताया गया है। जबकि लड़की उसी गांव के वार्ड 4 के यादव लाल पंडित की पुत्री विनीता कुमारी बतायी गई है। इस घटना की सूचना पंचायत के मुखिया सुनील सहनी ने सुगौली थाना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही सुगौली थाना ने घटना की जांच की। पुलिस टीम डुमरी गांव के बगल में सिकरहना नदी किनारे पहुंची जहां दोनों के शवों को जलाया जा रहा था। पुलिस टीम को देख सभी भाग निकले। जहां से पुलिस ने दोनों के जले शव को अपने कब्जे में ले लिया। साथ ही लड़की के पिता यादव लाल पंडित के घर पर पुलिस ने छापामारी की लेकिन लड़की के परिवार के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए थे। इधर पुलिस ने लड़की की मां को हिरासत में लिया है। दोनों की हत्या कर शव जलाने का आरोप लड़के की मां ने लड़की के पिता, मां, भाई और अन्य पर लगाया है। अपने बेटे मुस्कान कुमार की हत्या पर मां मौलेसरी देवी ने बताया की उनका लड़का गांव में नाच देखने गया था। जहां से देर रात तक नहीं लौटा। खोजबीन की गई तो लड़के और लड़की दोनों की हत्या कर साक्ष्य मिटाने की नीयत से दोनों के शव को आधी रात को गांव के बगल के सिकरहना नदी के किनारे जलाया जा रहा था। दोनों का शव अस्सी प्रतिशत से अधिक जल गया है। पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर अन्तयपरीक्षण के लिये सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।