बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
किंग कोबरा रेस्क्यू के दौरान ‘स्नेक लेडी’ जानकी देवी को सांप ने डंसा, वन विभाग करेगा कार्रवाई
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। भारत-नेपाल सीमा से सटे वाल्मीकि व्याघ्र परियोजना क्षेत्र के बिसहा गांव में किंग कोबरा के रेस्क्यू के दौरान स्थानीय स्नेक रेस्क्यूअर जानकी देवी को उसी सांप ने डंस लिया।

घटना के बाद उन्हें तत्काल नेपाल के त्रिवेणी स्थित मिलिट्री कैंप में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार,बिसहा गांव निवासी मुनी लाल के घर में किंग कोबरा घुस आने की सूचना पर जानकी देवी मौके पर पहुंचीं और सांप को पकड़ लिया। इसी बीच वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र की प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। वन विभाग ने किंग कोबरा को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया। वन प्रमंडल-2 के रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जानकी देवी ने वन विभाग की अनुमति के बिना किंग कोबरा का रेस्क्यू किया तथा कथित रूप से वीडियो (रील) बनाने के लिए सांप को गले में डाल लिया। इसी दौरान सांप ने उन्हें काट लिया। उन्होंने कहा कि यह वन्यजीवों के साथ अनुचित व्यवहार की श्रेणी में आता है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जानकी देवी को नोटिस जारी किया जा रहा है तथा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रेंजर ने आगे बताया कि बरसात के मौसम में जहरीले सांप सुरक्षित स्थान की तलाश में अक्सर वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से सटे गांवों और रिहायशी क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। ऐसी स्थिति में लोग स्वयं सांप पकड़ने या उसके साथ फोटो-वीडियो बनाने का प्रयास न करें।








