रिपोर्ट : उप-संपादक बेतिया
बिहार सरकार के 100 दिन पूरे होने पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम-सह-सम्मान समारोह का हुआ आयोजन
38 कर्मियों एवं उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र से किया गया सम्मानित
कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
शानदार प्रस्तुतियों से पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। बिहार सरकार के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में शनिवार, 25 जुलाई की संध्या गाँधी सभागार, बड़ा रमना, बेतिया में सांस्कृतिक कार्यक्रम-सह-सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

इसके पूर्व वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ की प्रस्तुति से कार्यक्रम की गरिमामय शुरुआत हुई। आगत अतिथियों का ट्री पॉट भेंट कर स्वागत किया गया। समारोह के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षुओं द्वारा समूह गायन, असलम जी द्वारा सूफी गायन, जयमाला जी द्वारा ध्रुपद गायन सहित अन्य कलाकारों ने अपनी आकर्षक एवं मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों से पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

इस अवसर पर जिले में उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले कुल 38 कर्मियों एवं उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले कर्मियों एवं उद्यमियों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी, तरनजोत सिंह ने सभी आगत अतिथियों, पदाधिकारियों, कर्मियों, कलाकारों एवं गणमान्य नागरिकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को साझा करने के साथ-साथ जिले के विकास में निरंतर मेहनत एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मियों एवं उद्यमियों को सम्मानित करना भी है।

उन्होंने कहा कि जिले के विकास में इन कर्मियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। इनके निरंतर परिश्रम एवं समर्पण के कारण जिला प्रशासन विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर उपलब्धियां हासिल कर रहा है। पिछले 100 दिनों में जिले में विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि व्यवस्था की कमियों को दूर करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों का आह्वान करते हुए कहा कि इसी तरह पूरी मेहनत, निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करते रहें, ताकि पश्चिम चम्पारण जिले के नागरिकों की आकांक्षाओं एवं अपेक्षाओं पर जिला प्रशासन पूरी तरह खरा उतर सके। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जिले को विकास के पथ पर और अधिक तेजी से आगे ले जाना है। इसके लिए जिला प्रशासन को जिलेवासियों के निरंतर सहयोग की अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि समूचे जिलेवासियों एवं सभी पदाधिकारियों से यह अपेक्षा है कि वे सेवा, संकल्प और समर्पण की भावना के साथ मिलकर पश्चिम चम्पारण को विकास के रास्ते पर निरंतर आगे बढ़ाने में अपना योगदान देंगे। कार्यक्रम की समाप्ति बिहार गौरव गान के साथ हुई। संचालन शिक्षिका मेरी एडलिन तथा आदित्य मधुकर द्वारा किया गया।समारोह में उप महापौर, नगर निगम बेतिया, श्रीमती गायत्री देवी, अन्य जनप्रतिनिधिगण, राज्य स्तर के वरीय पदाधिकारी रामानुज प्रसाद सिंह, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला सूचना एवं जनसम्पर्क पदाधिकारी श्रीमती रोचना माद्री, अहमद अली अंसारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा सुजीत कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, राकेश कुमार सहित तमाम जिलास्तरीय पदाधिकारी, कर्मी, कलाकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।








