AMIT LEKH

Post: NEET पेपर लीक से मृत छात्रों को श्रद्धांजलि, लोकतंत्र की जीत का जश्न

NEET पेपर लीक से मृत छात्रों को श्रद्धांजलि, लोकतंत्र की जीत का जश्न

रिपोर्ट : उप-संपादक बेतिया 

भाकपा ने पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और शिक्षा नीति में बदलाव की उठाई मांग

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़ 

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर पश्चिम चम्पारण जिला इकाई द्वारा जिला पार्टी कार्यालय में जीबी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में NEET पेपर लीक प्रकरण से सदमे में जान गंवाने वाले छात्र-छात्राओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा घायल छात्रों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। साथ ही मृत छात्रों के परिजनों को उचित मुआवजा देने, गिरफ्तार छात्रों को बिना शर्त रिहा करने, छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने तथा वर्ष 2025 की शिक्षा नीति वापस लेने की मांग उठाई गई।

फोटो : मोहन सिंह

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि देशभर में छात्र-नौजवानों के संघर्ष की सफलता लोकतंत्र की बड़ी जीत है। इस आंदोलन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि देश की युवा पीढ़ी नफरत की राजनीति नहीं, बल्कि सुरक्षित भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था चाहती है। नेताओं ने कहा कि देश की लगभग 30 प्रतिशत आबादी 18 से 28 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की है, जो समान अवसर, रोजगार और बेहतर भविष्य के लिए संगठित होकर संघर्ष कर रही है। भाकपा नेताओं ने इस संघर्ष की सफलता को ऐतिहासिक और अप्रत्याशित जीत बताते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती का प्रतीक बताया। बैठक के बाद पार्टी कार्यालय से विजय जुलूस निकाला गया, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शहीद पार्क पहुंचा। वहां स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर लोकतंत्र की जीत का जश्न मनाया गया और छात्र-युवा आंदोलन की सफलता का स्वागत किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाकपा जिला सचिव ओम प्रकाश क्रांति, वरिष्ठ नेता अहमद अली, राज्य परिषद सदस्य केदार चौधरी, किसान नेता राधामोहन यादव, अशोक मिश्र, जिला कोषाध्यक्ष बब्लू दूबे, चन्द्रिका प्रसाद, बाबूलाल चौरसिया, महिला नेत्री आरती, अली अहमद, मदन शर्मा, संजय सिंह, हरेन्द्र दूबे, साधु सिंह, चन्द्र भूषण सिंह, कृष्ण नन्दन सिंह, ध्रुव नाथ तिवारी, मोहन यादव तथा मुन्नू दूबे सहित पार्टी के अनेक नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने किया।

Leave a Reply

Recent Post