संकलन : उप-संपादक छपरा
सीआरसी गौसपुरमें बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) अभियान के अंतर्गत सोमवार को एक दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख, संवाददाता
एकमा, (सारण)। बिहार शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार कक्षा 4 से 8 तक के विद्यार्थियों की भाषा एवं गणितीय दक्षता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सीआरसी गौसपुर स्तर पर बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) अभियान के अंतर्गत सोमवार को एक दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में सीआरसी गौसपुर अंतर्गत सभी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के लगभग 16 चयनित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई शैक्षणिक सामग्री, गतिविधि-आधारित शिक्षण पद्धति तथा आधारभूत दक्षता सर्वेक्षण की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रतिभागियों को बताया गया कि 3 अगस्त तक कक्षा 4 से 8 के विद्यार्थियों का भाषा एवं गणित विषयों में आधारभूत दक्षता सर्वेक्षण कराया जाएगा, ताकि प्रत्येक बच्चे के अधिगम स्तर का सही आकलन कर उसके अनुरूप शिक्षण योजना तैयार की जा सके।

प्रशिक्षण में सीआरसी गौसपुर के समन्वयक मंजीत कुमार तिवारी, विज्ञान शिक्षक ओमप्रकाश सिंह, अभियान की नोडल शिक्षिका अंजना मिश्रा तथा मास्टर ट्रेनर सोनाली नंदा ने गतिविधि-आधारित शिक्षण, बच्चों की सीखने की गति के अनुरूप कक्षा संचालन, समूह आधारित अधिगम एवं सतत मूल्यांकन पर विशेष बल दिया। प्रशिक्षक सोनाली नंदा ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे अभियान को सफल बनाते हुए प्रत्येक बच्चे में पढ़ने, लिखने और गणना करने की बुनियादी क्षमता विकसित करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।

सीआरसी समन्वयक मंजीत कुमार तिवारी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों का मूल्यांकन करना नहीं, बल्कि उनकी वास्तविक शैक्षणिक आवश्यकताओं की पहचान कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी शिक्षकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर सर्वेक्षण कार्य पूरा करने तथा विभागीय दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों ने अभियान को सफल बनाने तथा विद्यार्थियों की बुनियादी अधिगम क्षमता में अपेक्षित सुधार लाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। प्रशिक्षण का शुभारंभ सुबह दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जबकि समापन राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में विनोद कुमार सिंह, प्रियंका द्विवेदी, छविनाथ मांझी, कमल कुमार सिंह, शशिकला, सरिता कुमारी, भारती कुशवाहा, अभिषेक यादव, कुमारी अर्किता कुशवाहा, नसरीन तवस्सुम, गुड़िया कुमारी, प्रीति शर्मा, नूरजहां, जमीला खातून, गुप्तेश्वर चौधरी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।








