रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो पटना
25 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम मशीन में लॉक, बनायें गये थे कुल 422 मतदान केन्द्र
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। बिहार की राजधानी पटना की सबसे चर्चित और हाईप्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान किया गया। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। चुनाव आयोग ने मतदान के शुरुआती आंकड़े जारी करते हुए बताया कि शाम पांच बजे तक बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में 33.57 प्रतिशत वोटिंग हुई हैं। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें नजर आ रही हैं। बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से निकलकर लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी निभाते दिखे। प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, हालांकि वोटिंग की रफ्तार धीमी है। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में कुल 3,79,471 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 2,00,060 पुरुष मतदाता, 1,79,533 महिला मतदाता और 23 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। चुनाव आयोग ने बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। इस सीट पर 85 वर्ष से अधिक उम्र के 3,166 मतदाता हैं, जबकि 1,024 दिव्यांग मतदाता भी अपने वोट का प्रयोग करेंगे। इन मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मतदान केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए कुल 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 247 बूथ सरकारी भवनों में और 175 बूथ निजी भवनों में बनाए गए हैं। इसके अलावा 9 चलंत मतदान केंद्र भी शामिल हैं। चुनाव आयोग ने सभी बूथों पर लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की है। इसके जरिए मतदान केंद्रों की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग कंट्रोल रूम के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की लगातार निगरानी कर रहे हैं। चुनाव आयोग ने मतदान व्यवस्था को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के लिए भी नियम बनाए हैं। प्रत्येक उम्मीदवार को अपने एजेंट और कार्यकर्ताओं के लिए अधिकतम 3 वाहनों की अनुमति दी गई है। इन वाहनों में अधिकतम 5 लोग ही सफर कर सकेंगे।प्रशासन ने साफ कर दिया है कि चुनाव आचार संहिता और निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में शुरुआत में कुल 40 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान कई उम्मीदवारों के दस्तावेजों में कमी पाए जाने के कारण 14 प्रत्याशियों के नामांकन रद्द कर दिए गए।इसके बाद एक उम्मीदवार ने चुनाव मैदान से अपना नाम वापस ले लिया। अब बांकीपुर सीट पर कुल 25 प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में हैं। बांकीपुर उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मतदान केंद्रों पर पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए सुरक्षा बल लगातार निगरानी कर रहे हैं।प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी डर और दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराना उनकी प्राथमिकता है। राजनीतिक दृष्टि से बांकीपुर विधानसभा सीट को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पटना की इस वीआईपी सीट पर कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। मतदान प्रतिशत बढ़ने के साथ ही अब सबकी नजरें चुनावी नतीजों पर टिक गई हैं। मतदाताओं का फैसला आने वाले दिनों में इस सीट की राजनीतिक तस्वीर साफ करेगा।








