संकलन : उप-संपादक छपरा
अंचलाधिकारी ने शेष लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए फरियादियों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
एकमा, (सारण)। एकमा अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार की अध्यक्षता अंचलाधिकारी रवि शेखर ने की।

इस दौरान उन्होंने अंचल क्षेत्र से आए फरियादियों की भूमि एवं राजस्व संबंधी समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों के त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन का निर्देश अधिकारियों एवं कर्मियों को दिया। जनता दरबार में भूमि विवाद एवं राजस्व से जुड़े कुल दो नए आवेदन प्राप्त हुए। वहीं पूर्व से लंबित एक मामले की सुनवाई कर उसका निष्पादन कर दिया गया।

अंचलाधिकारी ने शेष लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए फरियादियों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की। जनता दरबार के दौरान एकमा थाना के एसआई मुकेश कुमार, कार्यालय कर्मी अभिनंदन तिवारी एवं संजीत कुमार सहित अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे। अंचलाधिकारी श्री शेखर ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य भूमि विवादों का त्वरित समाधान कर लोगों को न्याय दिलाना है, ताकि छोटे-छोटे विवाद लंबित न रहें।








