रिपोर्ट : उप-संपादक, बेतिया
महंगाई-बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरा
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर चल रही परिवर्तन पदयात्रा के दूसरे दिन पश्चिम चंपारण के नौतन प्रखंड में जनसंपर्क अभियान तेज रहा। भाकपा के जिला नेतृत्व ने कठईया, कर्पूरी चौक, जगदीशपुर, झखरा, खैरा टोला, मंगलपुर, शिवराजपुर और नौतन बाजार सहित विभिन्न गांवों एवं बाजारों में पदयात्रा कर लोगों के बीच “परिवर्तन जरूरी है” का संदेश दिया और उन्हें मौजूदा राजनीतिक, आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियों के प्रति जागरूक किया।

पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और अपराध पर प्रभावी रोक लगाने, चारों श्रम संहिताओं को वापस लेने, किसानों का कर्ज माफ करने, युवाओं एवं छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने तथा दलितों, महिलाओं और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की गारंटी सुनिश्चित करने जैसी मांगों को प्रमुखता से उठाया। कर्पूरी चौक पहुंचने पर जननायक कर्पूरी ठाकुर एवं पूर्व सांसद बैधनाथ महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। पदयात्रा का नेतृत्व भाकपा के जिला सचिव ओम प्रकाश क्रांति ने किया। उनके साथ अशोक मिश्र, ज्वाला कांत द्विवेदी, चन्द्रिका प्रसाद, बब्लू दूबे, मनोज साह, राजेन्द्र साह, गुड्डू श्रीवास्तव, दिगपाल दास, पीताम्बर शर्मा, सीताराम शर्मा, वासुदेव जी, सुरेन्द्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे। इस दौरान जिला सचिव ओम प्रकाश क्रांति ने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी देश में उत्पन्न राजनीतिक, आर्थिक, संवैधानिक और सामाजिक संकट के खिलाफ जनता को जागरूक करने तथा परिवर्तन के लिए संगठित करने के उद्देश्य से यह पदयात्रा चला रही है। वहीं अंचल सचिव ध्रुवनाथ तिवारी ने आरोप लगाया कि गरीबों को उजाड़ा जा रहा है, खाद की कालाबाजारी से किसान परेशान हैं और आम जनता विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर व्यापक जनसंघर्ष खड़ा करने और लोगों को एकजुट करने के उद्देश्य से यह पदयात्रा अभियान चलाया जा रहा है।








