संकलन : उप-संपादक, छपरा
इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक राजेश कुमार सिंह द्वारा संकलित एवं संपादित दो भागों में प्रकाशित पुस्तिका ‘झरोखा : इतिहास का सफर’ का विमोचन प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने किया
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
एकमा, (सारण)। सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) अलख नारायण सिंह उच्च विद्यालय, एकमा में पुस्तकालय विज्ञान के जनक डॉ. एस. आर. रंगनाथन की जयंती के अवसर पर नेशनल लाइब्रेरी डे मनाया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाध्यापिका सारिका द्विवेदी ने की। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एकमा मनीष कुमार ने डॉ. एस. आर. रंगनाथन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक राजेश कुमार सिंह द्वारा संकलित एवं संपादित दो भागों में प्रकाशित पुस्तिका ‘झरोखा : इतिहास का सफर’ का विमोचन प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने किया। पुस्तिका के विमोचन के दौरान प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनीष कुमार ने राजेश कुमार सिंह के इस अकादमिक कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह दस्तावेजीकरण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और छात्रों के लिए उपयोगी शैक्षणिक संसाधन साबित होगी।

इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक राजेश कुमार सिंह ने भारत में पुस्तकालय विज्ञान के जनक डॉ. एस. आर. रंगनाथन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को डॉ. रंगनाथन की महत्वपूर्ण कृति ‘फाइव लॉज ऑफ लाइब्रेरी साइंस’ के बारे में जानकारी दी तथा अकादमिक जगत में उनके योगदान और उपलब्धियों से अवगत कराया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक रंजन कुमार सिंह, ऋतुराज कुमार सिंह, मनोरमा कुमारी, सरिता शर्मा, पुष्पा कुमारी, प्रिया कुमारी, आफताब आलम, मृत्युंजय कुमार, मृत्युंजय कुमार शाह, राजेश कुमार, विनीता प्रियम, रवि शंकर शर्मा एवं कुमार अविनाश सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।








