AMIT LEKH

Post: शिक्षा, रोजगार और छात्रों के अधिकारों पर हमले के खिलाफ छात्र-युवा संसद में गूंजा संघर्ष का आह्वान

शिक्षा, रोजगार और छात्रों के अधिकारों पर हमले के खिलाफ छात्र-युवा संसद में गूंजा संघर्ष का आह्वान

रिपोर्ट : उप-संपादक डेस्क, बेतिया

जेएनयू छात्रसंघ के संयुक्त सचिव कॉमरेड दानिश ने कहा कि देश के विश्वविद्यालय केवल डिग्री देने की जगह नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक चेतना और सवाल करने की संस्कृति के केंद्र हैं

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। आइसा और आरवाईए की ओर से राज्य के सभी मुख्यालयों और कॉलेजों में आयोजित किए जा रहे छात्र-युवा संसद अभियान के तहत आज बेतिया के सुकन्या उत्सव हॉल में छात्र-युवा संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जेएनयू छात्रसंघ के संयुक्त सचिव कॉमरेड दानिश, पूर्व विधायक शिव प्रकाश रंजन, आइसा बिहार के राज्य अध्यक्ष कॉमरेड धनंजय कुमार एवं राज्य सचिव कॉमरेड दीपांकर मिश्रा ने छात्र-युवाओं को संबोधित किया।

फोटो : मोहन सिंह

वक्ताओं ने कहा कि केंद्र और बिहार सरकार की शिक्षा एवं रोजगार विरोधी नीतियों के कारण छात्र-युवाओं का भविष्य लगातार संकट में डाला जा रहा है। शिक्षा के निजीकरण, फीस वृद्धि, परीक्षा व्यवस्था में अनियमितता, पेपर लीक, बेरोजगारी और सरकारी शिक्षण संस्थानों की बदहाली के खिलाफ छात्र-युवा संसद के माध्यम से व्यापक आंदोलन खड़ा किया जाएगा। जेएनयू छात्रसंघ की संयुक्त सचिव कॉमरेड दानिश ने कहा कि देश के विश्वविद्यालय केवल डिग्री देने की जगह नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक चेतना और सवाल करने की संस्कृति के केंद्र हैं। आज सरकार शिक्षा व्यवस्था को कमजोर कर छात्रों के अधिकारों को सीमित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को किसी भी तरह के दमन या अपमानजनक विशेषणों से दबाया नहीं जा सकता। आइसा बिहार के राज्य सचिव कॉमरेड दीपांकर मिश्रा ने कहा कि शिक्षा और रोजगार के सवाल पर छात्र-युवा संसद को बिहार के हर विश्वविद्यालय और कॉलेज तक ले जाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि NEP 2020, FYUP, फीस वृद्धि, परीक्षा की अव्यवस्था, सरकारी संस्थानों की बदहाली और रोजगार के संकट के खिलाफ छात्र-युवा एकजुट होकर संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा को बाजार के हवाले करने के बजाय सभी के लिए समान, गुणवत्तापूर्ण और सस्ती शिक्षा सुनिश्चित करनी होगी। आइसा बिहार के राज्य अध्यक्ष कॉमरेड धनंजय कुमार ने कहा कि बिहार के छात्र-युवाओं के सामने शिक्षा और रोजगार सबसे बड़ा सवाल है। सरकार एक तरफ रोजगार देने में विफल है, वहीं दूसरी ओर शिक्षा व्यवस्था को लगातार कमजोर और महंगा बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र-युवा संसद के जरिए इन सवालों पर विश्वविद्यालय स्तर से लेकर राज्य स्तर तक आंदोलन को मजबूत किया जाएगा।कार्यक्रम में पूर्व विधायक कॉमरेड वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता ने सभी आंदोलनकारी नेताओं एवं प्रमुख साथियों को ……. पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्थानीय छात्र-युवा एवं आंदोलन के अन्य नेता भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से फरहान राजा, संजय मुखिया, अफाक अहमद, मोहित, हसमत, नेपाली यादव, राजेश,अंजार सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Recent Post