रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 26 सितम्बर 2026
नगर निगम प्रशासन द्वारा अपने सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान को समर्पित शिविर का किया गया आयोजन
महापौर, नगर आयुक्त और स्वच्छता अधिकारी द्वारा की गई सफाई मित्रों के सामूहिक हैल्थ चेकअप कैंप की समारोह पूर्वक शुरुआत
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत नगर निगम बेतिया की ओर से शनिवार को सफाई मित्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान को समर्पित ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ का आयोजन किया गया।

महापौर गरिमा देवी सिकारिया, नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित एवं स्वच्छता पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान सफाई मित्रों और उनके परिवारजनों के लिए स्वास्थ्य जांच से लेकर सरकारी योजनाओं से जोड़ने तक की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में सफाई मित्रों एवं उनके परिजनों का मेडिकल चेकअप कराया गया। चिकित्सकीय जांच के साथ स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया गया। वहीं, पात्र लाभुकों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से सीएससी सेंटर का विशेष कैंप लगाया गया। इसके माध्यम से योजनाओं की जानकारी देने के साथ पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया में भी सहयोग किया गया। इस अवसर पर महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि आप सभी सफाई मित्र नगर निगम क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भागीदारी निभाते हैं।

आप सबके और आपके परिवार के स्वास्थ्य, सुरक्षा, सम्मान एवं सामाजिक कल्याण को प्राथमिकता देना नगर निगम प्रशासन का ध्येय है। उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान केवल शहर की सफाई तक सीमित नहीं, बल्कि स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती देने वाले सफाई मित्रों के जीवन में सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने का भी अवसर है। शिविर के माध्यम से सफाई मित्रों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाओं तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल को निगम प्रशासन की संवेदनशील सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में देखा गया।








