रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 09 नवम्बर 2026
बिहार में सर्व समाज के लोकोत्सव छठ महापर्व को श्रद्धा और सद्भाव के साथ मनाने में जागरूक जन करें योगदान : गरिमा
नगर के नव अधिग्रहित वार्डों के छठ घाटों की सफाई, सजावट और नगर निगम प्रशासन से श्रद्धालुओं की सुविधाओं का महापौर ने किया निरीक्षण
लोक आस्था के छठ महापर्व को महापौर ने बताया बिहार में आस्था,अनुष्ठान और अनूठी सांस्कृतिक परम्परा की गौरवशाली विरासत
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। नगर निगम क्षेत्र के नव अधिग्रहित वार्डों में छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर साफ-सफाई और सजावट का कार्य तेज कर दिया गया है। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने वार्ड 34 के मुसहरटोली छठ घाट के बाद पुरनी गनौली के छठ घाट तथा वार्ड 45 के पिपरा चौक छठ घाट पर जारी तैयारियों का दल-बल के साथ निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस मौके पर महापौर श्रीमती सिकारिया ने कहा कि लोक आस्था का छठ महापर्व बिहार की अनूठी सांस्कृतिक परम्परा की गौरवशाली विरासत है। उन्होंने बताया कि सामाजिक समभाव की अद्भुत मिसाल इस पर्व में शामिल होने के लिए लोग नेम-टेम के साथ देश-विदेश से अपने घर लौटते हैं। महापौर श्रीमती सिकारिया ने कहा कि नगर निगम प्रशासन इस महापर्व को सर्व समाज के लोकोत्सव के रूप में सफल बनाने में सहयोगी की भूमिका निभा रहा है। उन्होंने निरीक्षण के समय उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि छठ महापर्व के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन में समाज के प्रत्येक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने घाटों की व्यवस्था को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए जनसहयोग और सहभागिता को पर्व की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।

