



बेतिया से उप संपादक का चश्मा :
डबल मर्डर से बाल्मीकिनगर में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
न्यूज़ डेस्क, जिला पश्चिम चम्पारण
मोहन सिंह
– अमिट लेख
बेतिया, (ए.एल.न्यूज़)। पश्चिम चंपारण बगहां पुलिस जिला अंतर्गत इंडो नेपाल सीमा से सटे वाल्मिकीनगर थाना अंतर्गत ठाड़ी रेता में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई है।

रेता में गंडक नदी किनारे और वाल्मीकि टाइगर रिजर्व जंगल से सटे एक साधु और उसकी पत्नी की हत्या निर्मम तरीके से की गई है। बताया जा रहा है कि ये दोनों ठाड़ी गांव के रहने वाले थे और विगत 5 वर्षों से रेता में गंडक नदी किनारे जंगल के बीच एक कुटिया बनाकर रहते थे। साथ हीं दियारा की जमीन पर खेती भी करते थे। घटना वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के चूलभट्टा जंगल से तकरीबन 500 मीटर दूर रेता की है।

बता दें कि 70 वर्षीय साधु बोधन महतो का शव नदी के बीच ठोकर पर पाया गया, वहीं उनकी पत्नी 65 वर्षीय भगवती देवी का शव नदी किनारे जंगल क्षेत्र में पड़ा हुआ था। शव की स्थिति देख ऐसा अंदाजा लगाया जा रहा है कि बुजुर्ग साधु बोधन महतो को पहले लाठी डंडे से पीटा गया है और फिर उसका बाल उखाड़ लिया गया है साथ हीं पत्थर से चेहरे को कुचला गया है।

वहीं महिला का शव देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उसके दोनों आंख फोड़ दिए गए हैं। दरअसल इस इलाके में लोगों की आवाजाही काफी कम रहती है। आज सुबह 10 से 11 बजे के बीच जब मछुआरे और किसान उस तरफ गए तो उन्होंने शव को देखा और फिर इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की छानबीन में जुटी है। वहीं परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। जैसे हीं शव मिलने की खबर इलाके में आग की तरह फैली वैसे हीं लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।