AMIT LEKH

Post: चनपटिया नगर पंचायत में एक भी आंगनबाड़ी केंद्र नहीं : विधायक

चनपटिया नगर पंचायत में एक भी आंगनबाड़ी केंद्र नहीं : विधायक

बेतिया से उप संपादक का चश्मा :

नगर पंचायत में एक भी आंगनबाड़ी केंद्र नहीं, विधायक अभिषेक रंजन ने विधानसभा में उठाया मुद्दा

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया नगर पंचायत में एक भी आंगनबाड़ी केंद्र संचालित नहीं होने का गंभीर मामला चनपटिया विधायक अभिषेक रंजन ने बिहार विधानसभा में उठाया है। उन्होंने इसे अत्यंत लोक महत्व का विषय बताते हुए विधानसभा के शून्यकाल के माध्यम से सरकार का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया।

प्रभारी सचिव विधानसभा को लिखा पत्र

विधायक अभिषेक रंजन ने बताया कि पश्चिम चंपारण जिला अंतर्गत चनपटिया नगर पंचायत में आज तक आंगनबाड़ी केंद्रों की कोई व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरे बिहार में चनपटिया इकलौती ऐसी नगर पंचायत है, जहां एक भी आंगनबाड़ी केंद्र नहीं है, जो सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र नहीं होने के कारण छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को पोषण, स्वास्थ्य सेवाओं एवं प्रारंभिक शिक्षा से वंचित रहना पड़ रहा है। इसका सीधा असर बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर पड़ रहा है, जबकि महिलाओं को भी नियमित स्वास्थ्य जांच और पोषण सहायता नहीं मिल पा रही है। विधायक ने सदन के माध्यम से सरकार से मांग की कि चनपटिया नगर पंचायत में अविलंब कम से कम 15 आंगनबाड़ी केंद्र खोले जाएं, ताकि लाभुकों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो कुपोषण और स्वास्थ्य संकट और गहराने की आशंका है। अभिषेक रंजन ने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा जनहित से जुड़ा है और सरकार को इस पर तत्काल निर्णय लेना चाहिए।

Leave a Reply

Recent Post