बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
विद्यालय के पास न तो अपनी भूमि है और न ही भवन, जिससे पठन-पाठन का कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, उत्तरी घोघा की जर्जर व्यवस्था को लेकर चनपटिया विधायक अभिषेक रंजन ने विधानसभा में गंभीर सवाल उठाया।

उन्होंने सदन को अवगत कराया कि उक्त विद्यालय का संचालन वर्तमान में मध्य विद्यालय सरासवा के मात्र दो कमरों में किया जा रहा है। विद्यालय के पास न तो अपनी भूमि है और न ही भवन, जिससे पठन-पाठन का कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। विधायक ने कहा कि सीमित संसाधनों और जगह की कमी के कारण छात्र-छात्राओं को समुचित शैक्षणिक वातावरण नहीं मिल पा रहा है। कक्षाओं के समुचित संचालन में बाधा आ रही है और विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। श्री रंजन ने सरकार से मांग की कि अविलंब विद्यालय हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हित कर भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जाए तथा शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा से जुड़े बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस मामले में त्वरित कार्रवाई आवश्यक है।








