बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने दिए आवश्यक निर्देश
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। नौतन प्रखंड अंतर्गत बैकुंठवा पंचायत में 19 फरवरी को आयोजित होने वाले “प्रशासन आपके द्वार” कार्यक्रम को लेकर आज प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त वैभव नितिन काजले ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उप विकास आयुक्त ने कार्यक्रम के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने हेतु सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को उनके गांव-पंचायत में ही विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को प्रखंड या जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंडाल व्यवस्था, बैठने की सुविधा, पेयजल, साफ-सफाई, बिजली आपूर्ति, शिकायत निवारण काउंटर, विभिन्न विभागों के स्टॉल, तथा अन्य व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और कार्यक्रम की जानकारी पंचायत स्तर पर प्रचार-प्रसार के माध्यम से पहले ही पहुंचाई जाए। कार्यक्रम में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, आपूर्ति, श्रम, बैंकिंग सहित विभिन्न विभागों की सहभागिता रहेगी। मौके पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा। उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों से यह भी कहा कि कार्यक्रम के दौरान प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया जाए और जिन मामलों का मौके पर समाधान संभव न हो, उन्हें समयबद्ध तरीके से निपटाने की कार्य योजना तैयार की जाए।








