AMIT LEKH

Post: ग्राम स्वराज एवं जनभागीदारी को मिलेगा नया आयाम

ग्राम स्वराज एवं जनभागीदारी को मिलेगा नया आयाम

बेतिया से उप-संपादक का चश्मा : 

प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होगा ‘पंचायत विकास दिवस’

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के “ग्राम स्वराज’ की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से भारतीय संविधान में 73वें संशोधन के माध्यम से पंचायती राज संस्थाओं को संवैधानिक अधिकार / दायित्व सौंपे गये हैं। पंचायती राज संस्थाओं में सबसे सशक्त एवं सीधे ग्रामीणों से जुड़ी संस्था है “ग्राम पंचायत”।

ग्राम पंचायत ग्रामीणों के सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास का एक सशक्त मंच है। ग्राम पंचायत महत्वपूर्ण स्वशासन इकाई है, जिसके माध्यम से ग्रामीण स्वयं अपने आर्थिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास हेतु योजनाओं का चयन कर क्रियान्वित करते हैं। ग्राम पंचायत ग्रामीण समुदाय की भागीदारी के माध्यम से 2030 तक सतत् विकास लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कृत संकल्प है। सतत् विकास लक्ष्य के कुल 17 लक्ष्य हैं जिसे 9 थीमों में समाहित किया गया है। इन 9 थीमों में समाहित विषयों के विकास से ही ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र एवं सतत् विकास किया जा सकता है। यह तभी संभव होगा जब पंचायतों के निर्वाचित सदस्यों, ग्राम सभा के सदस्यों, महिलाओं, युवाओं एवं अन्य हितधारकों की भागीदारी एवं उनके बीच सार्थक संवाद सुनिश्चित हो सके। इस उद्देश्य की पूर्ति, विकास की किरणें सभी ग्रामीणों तक पहुँचाने एवं विकास कार्यक्रम में सभी लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु प्रत्येक माह के आखिरी रविवार को पूर्वा० 10:00 से 12:00 बजे तक प्रत्येक ग्राम पंचायत में “पंचायत विकास दिवस’ कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। इस कार्यक्रम में माननीय प्रधानमंत्री के “मन की बात” कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुनने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएँ ग्राम पंचायत द्वारा किया जायेगा। उक्त कार्यक्रम में भाग लेने हेतु ग्राम सभा के सभी सदस्यों, संबंधित माननीय लोकसभा सदस्य, संबंधित माननीय राज्यसभा सदस्य, संबंधित माननीय विधानसभा सदस्य, संबंधित माननीय विधान परिषद् सदस्य को सूचना भेजी जायेगी। ग्राम पंचायत के अन्तर्गत निवास करने वाली जीविका दीदी एवं आशा कार्यकर्त्ता को भी कार्यक्रम में भाग लेने हेतु अनुरोध किया जायेगा। पंचायत विकास दिवस का आयोजन पंचायत सरकार भवन / पंचायत भवन / विद्यालय / सामुदायिक भवन या किसी ऐसे सुविधाजनक सार्वजनिक स्थान पर होगा जहां सभी वर्ग के व्यक्ति एक साथ आसानी से बैठ सकें तथा रोशनी, पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था हो। कार्यक्रम में सर्वप्रथम विगत माह में आयोजित की गई बैठक के अनुपालन से सभी सदस्यों को अवगत कराया जायेगा। e-Gram Swaraj Portal, e-Panchayat एवं अन्य पोर्टल पर प्रविष्टि किए गए योजनाओं के संबंध में भी जानकारी दी जायेगी। ग्राम पंचायत के माध्यम से चलाई जा रही योजनाओं तथा आगामी माह में प्रारंभ किये जाने वाली योजनाओं के संबंध में जानकारी दी जायेगी। वित्तीय वर्ष में ग्राम पंचायत को विभिन्न स्रोत से प्राप्त राशि, व्यय एवं अवशेष राशि से ग्रामीणों को अवगत कराया जायेगा। ग्राम पंचायत की आय के स्रोत की वृद्धि किये जाने के संबंध में भी परिचर्चा की जा सकेगी।

Leave a Reply

Recent Post