AMIT LEKH

Post: आमने-सामने की टक्कर में राहगीर की मौत, दो वाहन छोड़ चालक व सवार फरार

आमने-सामने की टक्कर में राहगीर की मौत, दो वाहन छोड़ चालक व सवार फरार

छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन :

हादसे के बाद घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

संवाददाता
एकमा, (सारण)। एकमा थाना क्षेत्र में छपरा–सिवान एनएच-531 पर आमडाढ़ी गांव स्थित राम जानकी सह हनुमान मंदिर के समीप गुरुवार की देर रात को दो चारपहिया वाहनों की आमने-सामने की टक्कर में एक अधेड़ राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालक एवं सवार वाहन छोड़कर फरार हो गए।

फोटो : संवाददाता

मृतक की पहचान मांझी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव निवासी मुंद्रिका बीन के 59 वर्षीय पुत्र सर्वजीत बीन के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह आमडाढ़ी स्थित एक पोखरे में मछली मारने आए थे। देर शाम के समय सड़क पार करने के दौरान सीवान की ओर से आ रही बोलेरो और छपरा की ओर जा रही कार की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज कर घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों वाहनों के चालक व अन्य सवार वाहन छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने बोलेरो और कार को जब्त कर एकमा थाना परिसर में लाया। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक एनएच-531 पर यातायात बाधित रहा, जिसे स्थानीय लोगों के सहयोग से सामान्य कराया गया।

पुलिस निरीक्षक सह एकमा थानाध्यक्ष राम बालक यादव ने बताया कि दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच की जा रही है तथा फरार चालकों की पहचान का प्रयास जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, आमडाढ़ी गांव के लोगों ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को देकर मौके पर बुलाया। समाचार प्रेषण तक मृतक के परिजनों की ओर से थाना में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया था। पुलिस पीड़ित परिजनों द्वारा आवेदन मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Recent Post