AMIT LEKH

Post: नेपाल से लाई जा रही 69 लीटर अवैध नेपाली शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

नेपाल से लाई जा रही 69 लीटर अवैध नेपाली शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

महराजगंज से हमारे जिला ब्यूरो की रिपोर्ट : 

सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 69 लीटर अवैध नेपाली शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

महराजगंज, (तैयब अली चिश्ती)। भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 69 लीटर अवैध नेपाली शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। बरामद शराब की कुल मात्रा 230 बोतल (प्रत्येक 300 एमएल) बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, 25 जून 2026 को शाम करीब 6 बजे एसएसबी को सूचना मिली कि सीमा स्तंभ संख्या 501 के पास से नेपाल की ओर से एक व्यक्ति अवैध नेपाली शराब लेकर भारत में प्रवेश करने वाला है। सूचना के आधार पर एसएसबी और थाना निचलौल पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। रात करीब 9:20 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर तीन बैग लादकर भारत की ओर आता दिखाई दिया। पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को देखकर वह मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान तीनों बैगों से ‘किसमिस सोफ’ ब्रांड की 230 बोतल नेपाली शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रामबक्षी (42 वर्ष) पुत्र जनर्धन लोनिया, निवासी हरकपुरा, थाना बहलतारी, जिला नवलपरासी (नेपाल) बताया। उसने स्वीकार किया कि वह शराब नेपाल से भारत लेकर आ रहा था। संयुक्त टीम ने आरोपी को आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब के नमूने सुरक्षित करने के बाद शेष शराब को सील कर दिया गया तथा मोटरसाइकिल (पंजीकरण संख्या UP 56 K 1524) सहित अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए थाना निचलौल को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आबकारी अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

Recent Post