बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
स्पीड ट्रायल का उद्देश्य नई रेल लाइन की संरक्षा, गुणवत्ता और परिचालन क्षमता का विस्तृत परीक्षण करना था
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। रेल संरक्षा आयुक्त (पूर्वी सर्किल) गुरु प्रकाश ने आज समस्तीपुर मंडल के मझौलिया एवं बेतिया स्टेशनों के मध्य नव निर्मित दोहरीकृत रेल लाइन का 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सफल स्पीड ट्रायल किया।

इस महत्वपूर्ण परीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा सहित समस्तीपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं तकनीकी विशेषज्ञ उपस्थित रहे। स्पीड ट्रायल का उद्देश्य नई रेल लाइन की संरक्षा, गुणवत्ता और परिचालन क्षमता का विस्तृत परीक्षण करना था।

परीक्षण के दौरान रेल पथ, पुल-पुलिया, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, ओवरहेड विद्युत उपकरण (जहां लागू हो), ट्रैक की स्थिरता तथा विभिन्न सुरक्षा मानकों का गहन निरीक्षण किया गया। साथ ही उच्च गति पर रेलगाड़ी के संचालन के दौरान ट्रैक की मजबूती, कंपन, संतुलन और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं का भी आकलन किया गया।

रेल संरक्षा आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन का जायजा लिया। यह स्पीड ट्रायल नई दोहरीकृत रेल लाइन को नियमित परिचालन के लिए स्वीकृति प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है। इस परियोजना के पूर्ण रूप से चालू होने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन अधिक सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध होगा। साथ ही क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं मिलने के साथ माल परिवहन क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।








