महराजगंज से हमारे जिला ब्यूरो की रिपोर्ट :
आरोपी बरामद खाद के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका
एसएसबी ने बरामद 90 किलोग्राम यूरिया, मोटरसाइकिल तथा गिरफ्तार नेपाली युवक को अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु सीमा शुल्क कार्यालय, निचलौल के सुपुर्द कर दिया
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
महराजगंज, (तैयब अली चिश्ती)। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 22वीं वाहिनी की ई कंपनी ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भारत से नेपाल अवैध रूप से ले जाई जा रही 90 किलोग्राम यूरिया खाद के साथ एक नेपाली युवक को गिरफ्तार कर लिया।

मौके से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई, जिसे आवश्यक कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 03 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9 बजे एसएसबी को सूचना मिली कि सीमा स्तंभ संख्या-501 के पास से अवैध रूप से यूरिया नेपाल ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर सहायक उप निरीक्षक कैलाश चंद के नेतृत्व में विशेष गश्ती दल का गठन किया गया। टीम में मुख्य आरक्षी (सामान्य) सुनील कुमार, आरक्षी (सामान्य) जितेंद्र कुमार तथा आरक्षी (सामान्य) मनोज कुमार चौधरी शामिल थे।

करीब 11:15 बजे सीमा स्तंभ संख्या-501 के निकट एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल पर दो बोरियों में यूरिया लेकर नेपाल की ओर जाता दिखाई दिया। एसएसबी जवानों ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें दो बोरियों में कुल 90 किलोग्राम यूरिया खाद तथा एक मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या UP56 AP 0339) बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान वकील केवट (26 वर्ष), पुत्र महेश केवट, निवासी ग्राम गणेशपुर, थाना भुजावा, जिला नवलपरासी (नेपाल) के रूप में बताई। आरोपी बरामद खाद के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद एसएसबी ने बरामद 90 किलोग्राम यूरिया, मोटरसाइकिल तथा गिरफ्तार नेपाली युवक को अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु सीमा शुल्क कार्यालय, निचलौल के सुपुर्द कर दिया। कार्रवाई के दौरान सर्वोच्च न्यायालय एवं मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया।








