छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन :
शिक्षा भवन में संभाला पदभार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
छपरा, (संवाददाता)। सारण प्रमंडल के नवनियुक्त क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक (आरडीडीई) संजय कुमार ने शनिवार को शिक्षा भवन में विधिवत पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक राजदेव राम ने उन्हें प्रभार सौंपा। पदभार ग्रहण करने के बाद संजय कुमार ने सारण प्रमंडल को शिक्षा के क्षेत्र में ‘कोटा’ के रूप में विकसित करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सारण, सिवान व गोपालगंज के प्रतिभाशाली शिक्षकों की एक सशक्त टीम तैयार कर विषय विशेषज्ञों के सहयोग से जिला स्कूल को मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा। उनका उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का ऐसा वातावरण तैयार करना है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिल सकें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्वालिटी एजुकेशन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और इस दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी। नवनियुक्त आरडीडीई ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार केवल विभागीय प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि शिक्षकों, शिक्षा पदाधिकारियों, छात्रों और कर्मचारियों के सामूहिक सहयोग से ही सारण प्रमंडल को राज्य के अग्रणी शैक्षणिक केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सकता है। प्रभार ग्रहण समारोह के दौरान निवर्तमान आरडीडीई राजदेव राम को सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि लगभग एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान उन्हें पदाधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों का भरपूर सहयोग मिला, जिसके लिए उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि संजय कुमार के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी। कार्यक्रम में कार्यालय के प्रधान लिपिक मनोज कुमार, वरीय लिपिक सर्वानंद सिंह, दीपक कुमार साह, विवेक राज, ऑपरेटर अमरजीत शर्मा, सीमा कुमारी, परिचारी चौबे, विकास कुमार, अशोक महतो सहित कार्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नए आरडीडीई का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सारण जिला शिक्षा विभाग अनुसचिवीय कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, शिक्षक नेता मनजीत कुमार तिवारी, शिक्षक कमल कुमार सिंह आदि ने भी नये आरडीडीई संजय कुमार को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में सारण, सिवान और गोपालगंज में शिक्षा व्यवस्था को नई गति मिलेगी तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य होंगे।








