बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
बैठक में छावनी ओवरब्रिज के नीचे पेवर ब्लॉक लगाने, राष्ट्रीय उच्च पथ पर नियमित पेट्रोलिंग, ट्रॉली एवं बैरियर की स्थापना तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय शीघ्र लागू करने पर भी विस्तार से चर्चा हुई
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। जिले में सड़क सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने तथा छावनी स्थित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) एवं सर्विस लेन के निर्माण और मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित समीक्षा बैठक में जिला पदाधिकारी ने राष्ट्रीय उच्च पथ (एनएच) पर अतिक्रमण हटाने, दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, एनएच को निर्देश दिया कि सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन लोगों को पूर्व में नोटिस जारी किए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही राष्ट्रीय उच्च पथ पर व्हाइट लाइन मार्किंग, आवश्यक यातायात संकेतक (साइनेज) लगाने तथा सड़क सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में छावनी ओवरब्रिज के नीचे पेवर ब्लॉक लगाने, राष्ट्रीय उच्च पथ पर नियमित पेट्रोलिंग, ट्रॉली एवं बैरियर की स्थापना तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय शीघ्र लागू करने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाए, ताकि आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके। बैठक में नगर आयुक्त, नगर निगम बेतिया सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा) सुजीत कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी बेतिया सदर विकास कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), जिला परिवहन पदाधिकारी श्रीमती रितु रानी तथा संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।








