AMIT LEKH

Post: किसानों और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा को लेकर भाकपा का बड़ा ऐलान

किसानों और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा को लेकर भाकपा का बड़ा ऐलान

बेतिया से उप-संपादक का चश्मा : 

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की जिला कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न, संघर्ष तेज करने का लिया संकल्प

पटना विधानसभा घेराव और दिल्ली रैली को लेकर भाकपा ने कसी कमर

बलिराम भवन में भाकपा की अहम बैठक, गरीब–मजदूर हितों पर हुआ मंथन

बिहार में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भाकपा का तीखा हमला

कॉरपोरेट कब्जे के खिलाफ जन आंदोलन तेज करने का आह्वान

पश्चिम चंपारण से 1000 से अधिक लोग पटना रैली में होंगे शामिल, भाकपा बैठक में पदयात्रा को सफल बनाने की बनी रणनीति

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी पं. चम्पारण जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक बलिराम भवन में राधामोहन यादव की अध्यक्षता में भव्य रूप से सम्पन्न हुई। बैठक की शुरुआत संगठनात्मक परंपरा के अनुसार शोक प्रस्ताव के साथ हुई, जिसमें दिवंगत पार्टी नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा प्राकृतिक आपदा में असमय काल कवलित हुए लोगों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

फोटो : मोहन सिंह

इसके बाद बैठक ने औपचारिक रूप से अपने कार्यों की शुरुआत की। बैठक को संबोधित करते हुए राज्य प्रभारी विजय शंकर सिंह ने देश एवं बिहार की वर्तमान राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज का समय गंभीर राजनीतिक और आर्थिक अस्थिरता का दौर है, जिसमें सबसे अधिक प्रभावित गरीब, किसान, मजदूर, महिला, छात्र और नौजवान वर्ग हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण आम जनता के अधिकार लगातार कमजोर किए जा रहे हैं और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर भी दबाव बढ़ता जा रहा है। ऐसे समय में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है कि वह जनहित के मुद्दों पर मजबूती से खड़ी रहे और संघर्ष को तेज करे। उन्होंने विशेष रूप से 15 जुलाई को पटना विधानसभा के समक्ष होने वाले जन संगठनों के विशाल प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आंदोलन जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एक मजबूत आवाज बनेगा। उन्होंने सभी जिला इकाइयों से इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने 1 सितम्बर को दिल्ली में प्रस्तावित परिवर्तन जरूरी है रैली को ऐतिहासिक बनाने पर जोर दिया और कहा कि यह रैली देश की राजनीति में बदलाव की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह चरमरा चुकी है, अपराध और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण नहीं है तथा किसानों और गरीबों की जमीनों को जबरन अधिग्रहण के नाम पर छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की कृषि योग्य भूमि को कॉर्पोरेट घरानों को सौंपने की सुनियोजित साजिश चल रही है, जिसके खिलाफ व्यापक जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा। बैठक में जिला सचिव ओम प्रकाश क्रांति ने पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जिले में पार्टी की इकाइयों को मजबूत किया जा रहा है, गांव-गांव में संपर्क अभियान चल रहा है और कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है। उन्होंने अगस्त माह में प्रस्तावित पदयात्रा की विस्तृत रूपरेखा रखते हुए कहा कि यह पदयात्रा ग्रामीण स्तर पर जनजागरण का माध्यम बनेगी और लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पटना में होने वाली जन संगठनों की विशाल रैली में पश्चिम चंपारण से एक हजार से अधिक किसान, मजदूर, छात्र, नौजवान और महिलाएं भाग लेंगी। इसके लिए तैयारी युद्धस्तर पर चल रही है, जिसमें गांव-गांव से लोगों को जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्षरत रहने का संकल्प दोहराया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में पार्टी की गतिविधियों को और अधिक तेज किया जाएगा तथा जनसंपर्क अभियान को व्यापक रूप दिया जाएगा। इस अवसर पर बब्लू दूबे, बाबूलाल चौरसिया, चन्द्रिका प्रसाद, केदार चौधरी, चन्द्र भूषण सिंह, ध्रुव नाथ तिवारी, अशोक मिश्र, संजय सिंह, हरेन्द्र दूबे, वीरन यादव, साधु सिंह, लक्की, राजेन्द्र साह, एन. डी. तिवारी, चंदन राव सहित अनेक वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Recent Post