AMIT LEKH

Post: जनसरोकार की पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार

जनसरोकार की पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार

छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन :

लोकतंत्र की मजबूती के लिए मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण: मंत्री श्रवण कुमार

नवबिहार टाइम्स का 37वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से संपन्न, विभिन्न क्षेत्रों की दर्जनों विभूतियां हुईं सम्मानित

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख
पटना, (के. के. सिंह सेंगर)। जनसरोकार और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए अपनी अलग पहचान बना चुके राष्ट्रीय हिन्दी दैनिक नवबिहार टाइम्स का 37वां स्थापना दिवस समारोह शनिवार को पटना स्थित एएन कॉलेज सभागार में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।

फोटो : के.के. सिंह सेंगर

समारोह में राजनीति, प्रशासन, न्यायपालिका, शिक्षा, चिकित्सा, साहित्य, पत्रकारिता, उद्योग तथा सामाजिक क्षेत्र की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। पुरे कार्यक्रम के दौरान लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका, जनपक्षधर पत्रकारिता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा बदलते दौर में पत्रकारिता की चुनौतियों पर गंभीर विमर्श हुआ।

छाया : अमिट लेख

कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार, लोजपा विधायक दल के उपनेता डॉ. प्रकाश चंद्रा तथा नवबिहार टाइम्स के प्रधान संपादक कुमार किशोर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पश्चात सभी अतिथियों का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न देकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

छाया : अमिट लेख

मुख्य अतिथि बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। मीडिया केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने तथा सरकार और जनता के बीच संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को सत्य, निष्पक्षता और सामाजिक उत्तरदायित्व को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज सूचना के अनेक माध्यम उपलब्ध हैं, लेकिन विश्वसनीय पत्रकारिता की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। ऐसे समय में नवबिहार टाइम्स जैसे समाचार पत्र अपनी विश्वसनीयता, निष्पक्षता और जनहित के मुद्दों के प्रति प्रतिबद्धता के कारण समाज में विशिष्ट पहचान बनाए हुए हैं। उन्होंने अखबार के 37 वर्ष पूरे होने पर पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि क्षेत्रीय समाचार पत्र लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गांव, किसान, गरीब, मजदूर तथा आम लोगों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम स्थानीय और क्षेत्रीय मीडिया ही है। उन्होंने कहा कि मीडिया एक ओर सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाता है तो दूसरी ओर जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि नवबिहार टाइम्स ने तीन दशक से अधिक समय तक समाज और सरकार के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य किया है। जनहित के मुद्दों को लगातार प्रमुखता से उठाकर इस समाचार पत्र ने अपनी अलग पहचान बनाई है। लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब मीडिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और जनपक्षधर रहेगा। नवबिहार टाइम्स के प्रधान संपादक कुमार किशोर ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित गणमान्य लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि अखबार ने अपने 37 वर्षों के सफर में सदैव समाज की आवाज को प्राथमिकता दी है। ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों, युवाओं, महिलाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से प्रकाशित कर अखबार ने पाठकों का विश्वास अर्जित किया है। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में पत्रकारिता के सामने अनेक चुनौतियां हैं, लेकिन नवबिहार टाइम्स भविष्य में भी निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित की अपनी मूल भावना के साथ कार्य करता रहेगा। समारोह के दौरान पत्रकारिता, शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, साहित्य, समाज सेवा, उद्योग, खेल तथा अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अनेक विशिष्ट व्यक्तियों एवं संस्थानों को सम्मानित किया गया। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार एवं मंत्री श्रवण कुमार ने सभी सम्मानित विभूतियों को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की। इस अवसर पर सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार मिश्रा, भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद चंद्रवंशी, भारतीय जीवन बीमा निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक विनोद कुमार, एनटीपीसी के उप महाप्रबंधक विश्वनाथ चंदन, सोनवर्षा वाणी के संपादक श्रीराम अम्बष्ट, नवबिहार टाइम्स के प्रधान संपादक कुमार किशोर, उप संपादक अजय कुमार श्रीवास्तव, ईस्टर्न वाइज इंग्लिश के संपादक कौस्तुभ किशोर, विज्ञापन प्रभारी अशोक जी, पटना पेज एडिटर हृदय ठाकुर, छपरा ब्यूरो टीम के प्रो. अजीत कुमार सिंह, के.के. सिंह सेंगर, अर्जुन सिंह, रितेश सिंह सहित सैकड़ों पत्रकार, बुद्धिजीवी, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का सांस्कृतिक आकर्षण देव एंड फ्रेंड्स म्यूजिकल ग्रुप की रंगारंग प्रस्तुतियां रहीं। मुंबई, कोलकाता एवं पटना से आए कलाकारों ने गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। पूरे सभागार में देर तक तालियों की गूंज सुनाई देती रही। कार्यक्रम का सफल संचालन शंकर कैमूरी ने किया। ये हस्तियां हुईं सम्मानित समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, समाज सेवा, उद्योग एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. सुधीर कुमार मिश्रा, सुरेश कुमार गुप्ता, गिरिजा सतीश, आनंद रंजन झा, सुरेन्द्र श्रेष्ठ, डॉ. अजय प्रकाश, डॉ. अता रिजवी, डॉ. साजन दूबे, नितेश कुमार, नूतन पांडेय, अभिषेक कुमार तथा अमित पटेल सहित अनेक विभूतियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा भारतीय जीवन बीमा निगम, एनटीपीसी लिमिटेड तथा वास्तु विहार जैसी संस्थाओं को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सभी सम्मानित व्यक्तियों एवं संस्थानों को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार और मंत्री श्रवण कुमार ने प्रतीक चिह्न, अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

Comments are closed.

Recent Post