AMIT LEKH

Post: कर्मठता और बेहतर प्रशासनिक कार्यशैली को याद कर डीपीओ धनंजय कुमार पासवान हुए सम्मानित

कर्मठता और बेहतर प्रशासनिक कार्यशैली को याद कर डीपीओ धनंजय कुमार पासवान हुए सम्मानित

छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन :

जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत किरण ने कहा कि श्री पासवान की कार्यशैली, अनुशासन और समर्पण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख, संवाददाता
छपरा, (सारण)। सारण जिला शिक्षा विभाग के निवर्तमान जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) एवं वर्तमान जमुई जिला शिक्षा पदाधिकारी धनंजय कुमार पासवान के सम्मान में सोमवार को जिला स्कूल सभागार में विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यद्यपि श्री पासवान जमुई में जिला शिक्षा पदाधिकारी के पद पर अपना योगदान पहले ही दे चुके हैं, फिर भी सारण शिक्षा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षकों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह की अध्यक्षता क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक, सारण प्रमंडल, छपरा संजय कुमार ने की। उन्होंने कहा कि धनंजय कुमार पासवान ने अपने कार्यकाल के दौरान कर्मठता, पारदर्शिता और प्रशासनिक दक्षता का उत्कृष्ट परिचय दिया। उन्होंने शिक्षा विभाग में कार्य संस्कृति को बेहतर बनाने और विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत किरण ने कहा कि श्री पासवान की कार्यशैली, अनुशासन और समर्पण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जमुई में भी वे अपनी प्रशासनिक क्षमता से शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) प्रियंका रानी सहित अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों ने भी अपने संबोधन में श्री पासवान के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने विभागीय कार्यों के निष्पादन में हमेशा संवेदनशीलता, समन्वय और सकारात्मक सोच का परिचय दिया। उनके नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण कार्य समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुए। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक नेता समरेंद्र बहादुर सिंह ने किया। अंत में जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के प्रधान लिपिक वीरेंद्र यादव ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
समारोह में शिक्षा विभाग के अनेक अधिकारी, कर्मचारी, प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं शिक्षा कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने श्री पासवान के उज्ज्वल भविष्य एवं नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन की कामना की।

Leave a Reply

Recent Post