AMIT LEKH

Post: वन भूमि से अतिक्रमण हटाने गए वनकर्मियों पर ग्रामीणों का हमला

वन भूमि से अतिक्रमण हटाने गए वनकर्मियों पर ग्रामीणों का हमला

बेतिया से उप-संपादक का चश्मा : 

कई घायल, जेसीबी को किया आग के हवाले

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिमी चंपारण जिले के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र अंतर्गत ठाड़ी गांव के समीप धनहिया में गुरुवार को वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया।

फोटो : मोहन सिंह

इस दौरान उग्र भीड़ ने एक जेसीबी मशीन में आग लगा दी। घटना में वनकर्मियों और ग्रामीणों समेत करीब आधा दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है। जानकारी के अनुसार वन विभाग की करीब पांच एकड़ भूमि पर अतिक्रमण कर गन्ने की खेती की गई थी। इसी अतिक्रमण को हटाने के लिए वन विभाग की टीम तीन जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची थी।

कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने गन्ने के खेत में खड़ी एक जेसीबी मशीन में आग लगा दी। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही वाल्मीकिनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ के उग्र तेवर के कारण हालात नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए बगहा एसडीपीओ निहार भूषण तथा एसएसबी के कमांडेंट अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और वन विभाग की टीम को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल और वनकर्मियों की तैनाती कर दी गई है।बगहा एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग की टीम और स्थानीय लोगों के बीच झड़प की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है तथा वन विभाग की टीम को सुरक्षित निकाल लिया गया है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और वन अधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहेगा तथा कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, वाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि वन विभाग की ओर से आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर चिन्हित लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Recent Post