बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
घटना के बाद परिजनों ने विद्यालय के दो शिक्षकों पर बच्चे के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है
रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी ने बताया कि पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू कर दी है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत लौकरिया थाना क्षेत्र के हरनाटांड़ स्थित एक निजी विद्यालय-सह-छात्रावास में रह रहे 10 वर्षीय छात्र की शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों ने विद्यालय के दो शिक्षकों पर बच्चे के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों आरोपित शिक्षकों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

मृतक की पहचान वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के भेड़िहारी कर्माहा टोला (वार्ड संख्या-15) निवासी राज किशोर शर्मा के पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। दूसरी कक्षा में पढ़ने वाले प्रिंस के पिता गुजरात में मजदूरी करते हैं।
मृत छात्र के दादा गोपाल शर्मा ने बताया कि शुक्रवार तड़के विद्यालय संचालक हरेंद्र महतो ने फोन कर सूचना दी कि उनके पोते की तबीयत गंभीर है। सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य स्कूल पहुंचे, जहां उन्हें बताया गया कि बच्चे को इलाज के लिए हरनाटांड़ उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने बताया कि प्रिंस को मृत अवस्था में लाया गया था। गोपाल शर्मा ने आरोप लगाया कि इसके बाद जब वे बच्चे के शव को विद्यालय परिसर लेकर पहुंचे और छात्रावास में रहने वाले अन्य बच्चों से पूछताछ की, तो पता चला कि गुरुवार शाम विद्यालय के शिक्षक हेमराज कुमार और दीपक कुमार ने प्रिंस के साथ बेरहमी से मारपीट की थी।
परिजनों का दावा है कि प्रिंस के शरीर, विशेषकर आंख और पीठ के पिछले हिस्से पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे यह आशंका गहरा गई है कि उसकी पीट-पीटकर हत्या की गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी, बगहा एसडीपीओ निहार भूषण और लौकरिया थानाध्यक्ष रमन कुमार पुलिस बल एवं फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा भेज दिया गया। रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी ने बताया कि पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा, “प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही हो पाएगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। साथ ही पुलिस ने नामजद आरोपी शिक्षक हेमराज कुमार और दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। स्कूल के अन्य कर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है।” पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।








