AMIT LEKH

Post: भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 10 लाख नेपाली मुद्रा के साथ युवक गिरफ्तार

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 10 लाख नेपाली मुद्रा के साथ युवक गिरफ्तार

महराजगंज से हमारे जिला ब्यूरो की रिपोर्ट : 

झुलनीपुर बीओपी की टीम ने रेंगहिया मार्ग पर घेराबंदी कर पकड़ा, वैध दस्तावेज न मिलने पर कस्टम को सौंपा

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

तैयब अली चिश्ती
निचलौल, (महराजगंज)। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की झुलनीपुर बीओपी टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लाख नेपाली मुद्रा के साथ एक नेपाली युवक को गिरफ्तार किया। कार्रवाई सीमा स्तंभ संख्या-501 के पास स्थित बीओपी रेंगहिया मार्ग पर की गई। आरोपी के पास से एक बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी और बरामद सामान को निचलौल कस्टम के सुपुर्द कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसएसबी झुलनीपुर बीओपी के उप निरीक्षक धनवीर सिंह रावत को सूचना मिली थी कि एक नेपाली नागरिक भारत से नेपाल की ओर अवैध रूप से बड़ी मात्रा में नेपाली मुद्रा लेकर जाने वाला है। सूचना मिलते ही एसएसबी की टीम ने सीमा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान भारत की ओर से नेपाल जा रही एक तेज रफ्तार बाइक को रोकने का प्रयास किया गया। एसएसबी जवानों को देखकर बाइक सवार भागने लगा, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10 लाख नेपाली मुद्रा, एक बाइक तथा मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान शिव कुमार कोइरी, निवासी ग्राम बसहिया, थाना बसहिया, जिला नवलपरासी (नेपाल) के रूप में बताई। उसने बताया कि निचलौल निवासी एक व्यक्ति से उसे 6 लाख भारतीय रुपये मिले थे, जिन्हें उसने ठूठीबारी स्थित एक जनरल स्टोर पर बदलवाकर 10 लाख नेपाली मुद्रा में परिवर्तित कराया था और वह रकम लेकर नेपाल जा रहा था। आरोपी ने यह भी दावा किया कि यह राशि कबाड़ के लेन-देन का बकाया भुगतान थी, लेकिन वह इससे संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। एसएसबी अधिकारियों के अनुसार, बरामद नेपाली मुद्रा, बाइक और मोबाइल फोन को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए निचलौल कस्टम के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा धन के स्रोत और लेन-देन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Recent Post