बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां शुरू
उत्कृष्ट कर्मियों एवं गुड सेमरिटन होंगे सम्मानित
जिला पदाधिकारी ने सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का दिया निर्देश
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। 15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में समारोह के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में झंडोत्तोलन, विभिन्न समितियों के गठन, राष्ट्रगान, ध्वनि विस्तारक यंत्र, मंच एवं राष्ट्रीय ध्वज की व्यवस्था, बैंड पार्टी, साफ-सफाई, ई-आमंत्रण पत्र, महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, मेडिकल टीम, सुरक्षा व्यवस्था, कार्यक्रम के लाइव प्रसारण, परेड, फैंसी मैच, विधि-व्यवस्था सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि मंच, राष्ट्रीय ध्वज तथा महादलित टोलों में झंडोत्तोलन सहित सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समारोह को भव्य, अनुशासित एवं गरिमामय ढंग से आयोजित करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला पदाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि विभिन्न सरकारी कार्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों तथा सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता कर उन्हें अस्पताल पहुंचाने वाले गुड सेमरिटन को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सम्मानित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में नगर आयुक्त, नगर निगम बेतिया सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर श्री विकास सहित अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।








