इंडो-नेपाल सीमा से विशेष न्यूज़ ब्यूरो की रिपोर्ट :
वाल्मीकिनगर के नया टोला में जहरीला सांप निकलने की सूचना के आधे घंटे बाद पहुंची वन विभाग की रेस्क्यू टीम
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
वाल्मीकिनगर, (संतोष कुमार)। शुक्रवार की शाम लगभग 07:00 बजे वाल्मीकिनगर के नया टोला निवासी कपिलदेव ठाकुर के घर में एक जहरीला सांप निकलने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। ग्रामीणों के अनुसार सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षित तरीके से सांप का रेस्क्यू कर उसे वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के जंगल में छोड़ दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि वाल्मीकि नगर क्षेत्र में इन दिनों लगातार जहरीले सांप निकलने की घटनाएं सामने आ रही हैं। बावजूद इसके, सांप निकलने या सर्पदंश की आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त और त्वरित व्यवस्था नहीं दिखाई देती। लोगों का आरोप है कि कई बार रेस्क्यू टीम को पहुंचने में आधा घंटा, एक घंटा या उससे भी अधिक समय लग जाता है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में 24 घंटे त्वरित रेस्क्यू व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सर्पदंश की आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।








