बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
बैठक में उर्वरक की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने पर बल दिया गया
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। खरीफ वर्ष 2026-27 को लेकर प्रखंड स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की बैठक शनिवार को प्रखंड कृषि कार्यालय सभागार, बगहा-2 में प्रखंड प्रमुख की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा यूरिया वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, पश्चिम चंपारण, बेतिया के निर्देशों के आलोक में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यूरिया की बिक्री का आदेश दिया गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रखंड कृषि पदाधिकारी-सह-सदस्य सचिव ने बताया कि खुदरा उर्वरक विक्रेता एक बार में 25 से 30 बोरी यूरिया का वितरण कर सकेंगे। साथ ही सभी विक्रेताओं को उर्वरक वितरण से संबंधित अभिलेखों का संधारण करने एवं विभागीय निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में उर्वरक की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने पर बल दिया गया। कृषि समन्वयकों, किसान सलाहकारों एवं उर्वरक निरीक्षकों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में उर्वरक वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करें तथा किसी भी अनियमितता की सूचना तत्काल विभाग को दें। बैठक में जनप्रतिनिधियों, कृषि विभाग के अधिकारियों, उर्वरक विक्रेताओं तथा किसान प्रतिनिधियों ने भाग लिया।








